भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर बेली ब्रिज से परिचालन शुरू, लोगों को राहत
भागलपुर, 7 जून (आईएएनएस)। बिहार के भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर रविवार को फिर से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। फिलहाल छोटे वाहनों का परिचालन इस पल से प्रारंभ किया गया है। तीन मई की रात को पुल का एक स्लैब नदी में गिर गया था, जिसके बाद से इस सेतु पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप पड़ा था। शनिवार को जिला प्रशासन और विशेषज्ञों की देखरेख में यहां बनाए गए नए बेली ब्रिज का सुरक्षा ट्रायल पूरी तरह सफल रहा था।
इसके बाद जिला अधिकारी और पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया और परिचालन शुरू करने के लिए हरी झंडी दी थी। वर्तमान समय में इस सेतु पर ट्रक, बस, हाईवा के परिचालन की अनुमति नहीं मिली है। बेली ब्रिज का उद्घाटन करने के बाद पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आम लोगों से किया वादा पूरा किया। सीएम के प्रयास से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की परिषद ने बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (बीआरओ) की टीम को यहां बेली ब्रिज का सेटअप तैयार करने के लिए भेजा। उन्होंने इसके लिए रक्षा मंत्री को भी धन्यवाद दिया।
उन्होंने बताया कि ये बेली ब्रिज अत्यंत कम समय में तैयार किए गए हैं, जो देश में त्वरित एवं प्रभावी अवसंरचना निर्माण का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। इस मौके पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी सहित कई अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। परिचालन व्यवस्था शुरू होने से लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी।
बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हाल ही में विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन एवं मरम्मती कार्य का स्थल निरीक्षण कर चुके हैं। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त भाग की मरम्मती एवं पुनर्स्थापन कार्य कराने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन एवं मरम्मती कार्य की समीक्षा भी की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विक्रमशिला सेतु पर आवागमन जब तक सुचारू नहीं हो जाता, तब तक निजी दोपहिया और चारपहिया वाहनों से शुल्क न लें।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम