×

बिहार में बाढ़ पर पप्पू यादव बोले- '25 जिलों के 55 लाख लोग प्रभावित, किया जाए राष्ट्रीय आपदा घोषित'

 

पटना, 9 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने राज्य में बाढ़ की स्थिति के बाद मांग की कि इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 25 जिले बाढ़ से ग्रसित हैं, जिनमें 55 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। लोगों के पास खाना तक नहीं है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए सांसद पप्पू यादव ने कहा, "40 साल में सरकारें आपदा लेकर आईं। नदियों को बर्बाद किया गया। उनकी सफाई नहीं हुई और बांधों को पक्का नहीं किया गया।"

पप्पू यादव ने बाढ़ से निपटने के कार्यों में लूट के आरोप लगाए। उन्होंने मांग की कि ठेकेदार, पदाधिकारी, सचिव से लेकर सिंचाई मंत्री तक की जांच होनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई और ईडी को पिछले 40 साल से सिंचाई मंत्री रहे सभी की जांच करनी चाहिए। इन लोगों ने अपने घर भरे हैं।

उन्होंने तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "विपक्ष के नेताओं के माता-पिता मुख्यमंत्री रहे। तब उन्हें ये हालात याद नहीं रहे। वे दो-दो बार खुद उपमुख्यमंत्री रहे।"

वर्तमान राज्य सरकार पर पप्पू यादव ने कहा, "अभी डबल इंजन की सरकार है। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट तक नहीं किया है। उन्होंने बिल्कुल बाढ़ की चर्चा नहीं की।"

सांसद ने कहा कि 25 जिले बाढ़ से ग्रसित हैं, जिनमें 55 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। लोगों के पास खाना तक नहीं है। बच्चों के लिए दूध भी नहीं है। महिलाएं रोड पर सो रही हैं। पशुओं का चारा भी खत्म हो चुका है। छोटे किसान बर्बाद हो चुके हैं। आम आदमी कुत्ता-बिल्ली, कीड़े-मकौड़ों की तरह जी रहे हैं। चुवानों के समय नेताओं के हेलिकॉप्टर तक उतरते हैं, लेकिन बाढ़ से मतलब क्यों नहीं है?

पप्पू यादव ने कहा कि बक्सर से लेकर बनिहारी तक की स्थिति ऐसी है कि कोई कम्युनिटी किचन नहीं है। लोगों को मदद नहीं मिल पा रही है। उन्होंने आगे कहा, "अब अवसर में लूटना है और सारे पदाधिकारी लूट में लगे हैं।"

--आईएएनएस

डीसीएच/