☰
×

बिहार में 57 पुलिस अधिकारियों का तबादला, कइयों को मिली नई जिम्मेदारी

 

पटना, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार के गृह विभाग ने पुलिस अधिकारियों के पदस्थापन और तबादले से संबंधित आदेश जारी किया है। गुरुवार को गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत भारतीय पुलिस सेवा और बिहार पुलिस सेवा के कुल 57 अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें पुलिस अधीक्षक (एसपी), अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) और पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) स्तर के अधिकारी शामिल हैं।

कई अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय, अपराध अनुसंधान विभाग, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, रेल पुलिस और बिहार पुलिस अकादमी में पदस्थापित किया गया है। इसमें कई आईपीएस अधिकारी भी हैं।

अधिसूचना के मुताबिक, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-16, पटना में समादेष्टा पद पर पदस्थापित अपराजीत को पुलिस अधीक्षक (विधि-व्यवस्था), बिहार, पटना का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वैशाली के मुकुल कुमार रंजन को पुलिस अधीक्षक (विधि-व्यवस्था), बिहार, पटना से हटाकर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण, समस्तीपुर बनाया गया है।

गयाजी के आलोक रंजन, जो पुलिस मुख्यालय में पदस्थापन की प्रतीक्षा में थे, को पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण, भागलपुर की जिम्मेदारी दी गई है। भागलपुर की रश्मि को अपर पुलिस अधीक्षक, मधुबनी से अपर पुलिस अधीक्षक, रेल, पटना बनाया गया है। शेरघाटी के अजय प्रसाद को बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर से अपराध अनुसंधान विभाग में अपर पुलिस अधीक्षक (विशेष अपराध) की जिम्मेदारी दी गई है।

पूर्वी चंपारण के रोशन कुमार गुप्ता को पुलिस मुख्यालय में पदस्थापन की प्रतीक्षा से हटाकर साइबर क्राइम, औरंगाबाद में डीएसपी बनाया गया है जबकि पटना के अंकुर कुमार को पुलिस मुख्यालय से रेल पुलिस, पटना में डीएसपी नियुक्त किया गया है।

पटना की कंचन राज को रेल पुलिस से अपराध अनुसंधान विभाग में डीएसपी (विशेष अपराध) बनाया गया है। इसी तरह नालंदा के अरुण कुमार को मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना में डीएसपी की जिम्मेदारी मिली है, जबकि जहानाबाद के शालीग्राम कुमार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में डीएसपी बनाया गया है।

इसके अलावा, भवेश कुमार मंडल को आर्थिक अपराध इकाई, पटना तथा जितेंद्र कुमार सिंह को बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में डीएसपी बनाया गया है। विजय कुमार को भी बिहार पुलिस अकादमी में पदस्थापित किया गया है जबकि भोजपुर के संतोष कुमार सिंह को बी-सैप-16, पटना और बैजनाथ कुमार को बी-सैप-12, भीमनगर, सुपौल में जिम्मेदारी मिली है।

इसी तरह विश्वरंजन सिंह और जयकांत साव को बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना में डीएसपी बनाया गया है। शशि भूषण चौधरी को मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो में डीएसपी के पद पर तैनात किया गया है। गयाजी के धनंजय कुमार को भी बिहार पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारी मिली है।

जहानाबाद के विमल कुमार को बी-सैप-14, पटना और कटिहार के उमाशंकर राय को बी-सैप-7, कटिहार में डीएसपी बनाया गया है। नालंदा के अरविंद कुमार को अपराध अनुसंधान विभाग में डीएसपी (विशेष अपराध) की जिम्मेदारी दी गई है।

पटना के अजय कुमार को बिहार पुलिस मुख्यालय और पटना के अजीत कुमार को विशेष शाखा, बिहार, पटना में डीएसपी के पद पर पदस्थापित किया गया है। गृह विभाग के इस अधिसूचना में कई और अधिकारियों के नाम सूची में है जिनका पुलिस मुख्यालय और विभिन्न जिलों एवं विशेष इकाइयों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच