बिहार में अपराध, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सीएम सम्राट चौधरी ने दिए सख्त निर्देश
पटना, 28 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को अपराध, भ्रष्टाचार और सरकारी कार्यों में लापरवाही के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में जवाबदेही तय होनी चाहिए और जनहित से जुड़े कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गरीब और कमजोर वर्गों को हर हाल में न्याय मिले तथा अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाए।
सीएम सम्राट चौधरी शनिवार को यहां जिला पदाधिकारियों, वरीय पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों के दो दिवसीय प्रशासनिक एवं विधि-व्यवस्था समीक्षा सम्मेलन के पहले दिन बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों, विकास योजनाओं और राज्य की विधि-व्यवस्था की समीक्षा की। सीएम सम्राट चौधरी ने पुलिस गश्ती व्यवस्था को प्रभावी बनाने और रात्रि गश्ती की जीपीएस के माध्यम से निगरानी करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि फरार अपराधियों की लगातार ट्रैकिंग कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। इस पूरी व्यवस्था की निगरानी आईजी और डीआईजी स्तर के अधिकारी स्वयं करें। पुलिस बल की संख्या, उपलब्ध संसाधनों और उनकी तैनाती की अद्यतन जानकारी रखते हुए रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाए। हथियारों के नियमित सत्यापन और उनके प्रदर्शन पर भी सख्त निगरानी रखी जाए।
मुख्यमंत्री ने भूमि विवादों को विधि-व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण विषय बताते हुए इनके त्वरित समाधान पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की सप्ताह में एक बार नियमित बैठक हो। डीसीएलआर एवं एडीएम के न्यायालयों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भूमि विवादों का समयबद्ध निपटारा हो सके।
उन्होंने खुफिया एवं सूचना तंत्र को मजबूत करने, आम लोगों से नियमित फीडबैक लेने और जनता दरबार के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया। सोशल मीडिया पर मिलने वाली शिकायतों पर भी त्वरित कार्रवाई करने को कहा। विधि-व्यवस्था से जुड़े मामलों में पुलिस निर्धारित समय-सीमा के भीतर जवाब दे, जबकि विकास एवं जनकल्याण से संबंधित शिकायतों का निपटारा संबंधित विभाग करें।
सीएम सम्राट चौधरी ने जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को महीने में कम से कम दो बार प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर जनता तक सही एवं तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाने का निर्देश दिया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं, टीबी मुक्त भारत अभियान, जिला अस्पतालों की रेफरल व्यवस्था तथा कृषि विभाग के तहत बीज एवं खाद की उपलब्धता की भी समीक्षा हुई। मुख्यमंत्री ने एकीकृत कृषि प्रणाली, नकदी फसलों और किसान उत्पादक संगठनों को प्रोत्साहित करने पर बल दिया। उन्होंने जिलाधिकारियों को अपने जिलों में लैंड बैंक विकसित करने और स्थानीय उद्योगपतियों से नियमित संवाद कर निवेश एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने को कहा।
पथ निर्माण एवं जल संसाधन विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं के ब्लैक स्पॉट में सुधार, बाढ़ एवं गाद प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने तथा अंतरराज्यीय नदी लिंक परियोजनाओं को आगामी मानसून से पहले पूरा करने की दिशा में तेजी से काम करने का निर्देश दिया।
पहले दिन गृह, स्वास्थ्य, कृषि, राजस्व एवं भूमि सुधार, उद्योग, पथ निर्माण, जल संसाधन, शिक्षा, उच्च शिक्षा, समाज कल्याण, ग्रामीण विकास तथा डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन समेत विभिन्न विभागों की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा सहित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक मौजूद थे।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी