बिहार: मधुबनी में नाबालिग लड़की की पिटाई का वीडियो वायरल, पुलिस ने चार आरोपियों की पहचान की
मधुबनी, 26 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के मधुबनी जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने वीडियो में लड़की के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे चार आरोपियों की पहचान कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की जा रही है।
मधुबनी पुलिस की ओर से शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, सोशल मीडिया सेल की मॉनिटरिंग के दौरान यह वीडियो सामने आया था। वीडियो में कुछ लोगों द्वारा एक लड़की के साथ खेत में मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लड़की के परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार, जयनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने वीडियो का सत्यापन करने के लिए पीड़िता के घर जाकर जांच की। इस दौरान पीड़िता के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो करीब एक महीने पुराना है।
पुलिस के मुताबिक, लड़की का अपने एक पड़ोसी युवक के साथ प्रेम प्रसंग था। वह संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में मिली थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर उसके परिजनों के सामने कथित तौर पर मारपीट की थी। परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया कि उसी दिन उस युवक के साथ, जिसके साथ लड़की का प्रेम प्रसंग था, स्थानीय लोगों ने दोनों की शादी उनकी रजामंदी से करा दी थी।
पुलिस के अनुसार, लड़की वर्तमान में अपने ससुराल नेपाल में रह रही है। मामले में वीडियो में लड़की के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे चार लोगों की पहचान कर ली गई है। जयनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मधुबनी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वाली कोई तस्वीर, वीडियो, नाम, पता या अन्य पहचान संबंधी जानकारी सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से साझा न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसी सामग्री का प्रकाशन या प्रसारण कानूनन दंडनीय अपराध हो सकता है।
पुलिस ने घटना से जुड़ी अप्रमाणित सूचना और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी है। साथ ही सोशल मीडिया अकाउंट्स की निगरानी कर ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी