बिहार: लोजपा (रामविलास) ने अशरफ अंसारी को विधान परिषद भेजने का किया फैसला
पटना, 6 जून (आईएएनएस)। बिहार विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव को लेकर लोजपा (रामविलास) ने पार्टी के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष अशरफ अंसारी को अपना उम्मीदवार बनाया है। राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक ने शनिवार को यह जानकारी दी।
राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड ने बिहार प्रदेश में प्रस्तावित विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव-2026 के संदर्भ में विचार-विमर्श जे बाद अशरफ अंसारी के नाम पर अपनी औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
एनडीए में शामिल भाजपा और जदयू ने शुक्रवार को अपने प्रत्याशियों की घोषणा की थी। भाजपा ने बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए पवन सिंह, डॉ. संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित को उम्मीदवार बनाया है। वहीं जदयू ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार, पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. भारती मेहता और पश्चिम चंपारण जिला परिषद अध्यक्ष रह चुकी शिवानी प्रजापति को उम्मीदवार बनाया है।
जदयू ने ललन प्रसाद को भी विधान परिषद भेजने का फैसला किया है। विधानपरिषद की नौ सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव 18 जून को होंगे। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद रिक्त हुई एक सीट पर उपचुनाव भी कराया जाएगा। 243 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए के पास करीब 202 विधायक हैं। मौजूदा समीकरणों के अनुसार, एक सीट जीतने के लिए लगभग 25 विधायकों का समर्थन पर्याप्त माना जा रहा है। ऐसे में एनडीए के लिए 8 सीटों का रास्ता लगभग साफ दिखाई देता है। विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के पास बिहार विधानसभा में 35 विधायक हैं, जिससे वह 10 विधानपरिषद सीटों में से एक सीट आसानी से जीत सकता है। हालांकि दूसरी सीट पर उसकी संभावनाएं एआईएमआईएम और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायकों के समर्थन के बाद ही होगी।
--आईएएनएस
एमएनपी/वीसी