बिहार: लोगों ने नालंदा में सीएम नीतीश कुमार से दिल्ली नहीं जाने का किया आग्रह, 'जय निशांत-तय निशांत' के लगे नारे
बिहार शरीफ, 26 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव में विजयी होने के बाद उनका राज्यसभा जाना तय माना जा रहा है। ऐसे में गुरुवार को जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने गृह जिला नालंदा पहुंचे तो वहां के लोगों ने उनसे दिल्ली नहीं जाने का आग्रह किया। इसे लेकर लोगों ने जमकर नारेबाजी की।
इसी क्रम में लोगों ने नीतीश कुमार के सामने ही उनके पुत्र निशांत के समर्थन में भी जमकर नारे लगाए। दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को अपनी समृद्धि यात्रा के क्रम में नालंदा पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस बीच सीएम नीतीश कुमार और निशांत के समर्थन में जमकर नारे लगाए गए।
इस यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री जब जन संवाद कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे, तब स्थानीय लोगों ने उन्हें बिहार नहीं छोड़ने का आग्रह किया। बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने इसे लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान कुछ देर के लिए कार्यक्रम में अफरातफरी का माहौल बन गया और पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।
पुलिस ने शांत करने के प्रयास किए, लेकिन लोग अपनी अपील मुख्यमंत्री से करते रहे। इस बीच, नीतीश कुमार के मंच पर ही 'जय निशांत, तय निशांत' के नारे लगे। इस दौरान जदयू के प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने यह नारा लगाकर भविष्य के संदेश दे दिए।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के बाद बिहार में जो भी सरकार बनेगी, उसमें नीतीश कुमार की कार्य योजना से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नीरज कुमार ने मंच से 'जय निशांत, तय निशांत' का नारा बुलंद किया। उन्होंने साफ संकेत देते हुए कहा कि जदयू की भविष्य की कमान अब निशांत कुमार के हाथों में होगी। मंच से लोगों से हाथ उठाकर निशांत कुमार के समर्थन की अपील भी कराई गई। ऐसे में नीरज कुमार ने जदयू को लेकर साफ संदेश दे दिया है।
बता दें कि इससे पूर्व विधायक अनंत सिंह ने भी निशांत को मुख्यमंत्री बनाने की वकालत की थी।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी