×

बिहार: किशनगंज में तीन करोड़ की हेरोइन बरामद, अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

 

किशनगंज, 29 जून (आईएएनएस)। बिहार के किशनगंज जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.500 किलोग्राम हेरोइन जैसा प्रतिबंधित मादक पदार्थ, चार मोबाइल फोन और 9,950 रुपए नकद बरामद किए गए हैं।

बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब तीन करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से अवैध मादक पदार्थ की बड़ी खेप किशनगंज लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में जिला आसूचना इकाई, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और किशनगंज थाना की पुलिस को शामिल किया गया।

विशेष टीम ने किशनगंज थाना क्षेत्र के रामपुर चेक पोस्ट पर वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान मालदा (पश्चिम बंगाल) से आई एक बस से दो युवक बैग लेकर उतरे और पहले से वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति से मिलने लगे। पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उनके बैग से 1.500 किलोग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लोहागारा इस्तमा टोला निवासी फिरोज अंसारी (22), अमजद अंसारी उर्फ इस्मता उर्फ गामा (28) और रहीस अंसारी उर्फ सागर साह (23) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सिंडिकेट बनाकर मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी करते हैं। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के तार पश्चिम बंगाल के मालदा और बिहार के किशनगंज जिले के कई अन्य तस्करों से जुड़े हैं। बरामद खेप मालदा से बहादुरगंज ले जाई जा रही थी।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार तस्करों से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। साथ ही मादक पदार्थ के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर उसे जब्त करने की भी कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में किशनगंज थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी