×

बिहार: किशनगंज में एक मकान से मिला हेरोइन, तीन गिरफ्तार

 

किशनगंज, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के किशनगंज जिले के पोठिया थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक मकान में करीब 515 ग्राम हेरोइन बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया है, लेकिन कुछ लोग पुलिस को देखते ही फरार हो गए।

पुलिस के अधिकारी ने रविवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर गिरोह के कुछ लोग अवैध मादक पदार्थ की बड़ी खेप की खरीद-बिक्री के लिए पोठिया थाना क्षेत्र के फुलवाड़ी तैयबपुर निवासी मो. वाहिद के घर पर एकत्रित होने वाले हैं।

सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक ने एक विशेष जांच टीम का गठन किया। विशेष छापामारी दल के द्वारा तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पोठिया थाना के फुलवाड़ी तैयबपुर गांव के बड़ापोखर के पास स्थित वाहिद के घर पर छापेमारी की।

बताया गया कि पुलिस की कार्रवाई देखकर घर से पांच लोग भागने की कोशिश करने लगे। इसी बीच पुलिस ने तीन लोगों को धर दबोचा। पुलिस ने जब घर की तलाशी ली तो वहां से 515.670 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (हेरोइन) बरामद किया गया। यहां से जिन तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें रहवर आलम, रफीक अंसारी और मोहम्मद सद्दाम शामिल हैं।

सभी किशनगंज जिले के ही रहने वाले बताए जाते हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मो. वाहिद से मादक पदार्थ खरीदते थे और फिर अपने-अपने इलाकों में छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचते थे।

थाना प्रभारी अंजय अमन ने बताया कि पोठिया थाना पुलिस लंबे समय से इस अवैध कारोबार पर नजर रखे हुए थी और गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, वाहिद का परिवार नेपाल में रहता है तथा नेपाल से आकर यहां अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री का काम करता है। यह पिछले कई वर्षों से सिंडिकेट बनाकर बड़े पैमाने पर अवैध मादक पदार्थ की तस्करी कर रहा था।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी