×

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय पर तेजस्वी का तंज, 'अमंगल दोष’ से ग्रसित बिहार का स्वास्थ्य विभाग

 

पटना, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग पर जोरदार निशाना साधते हुए स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को घेरा है। उन्होंने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि 'अमंगल दोष’ से ग्रसित बिहार का स्वास्थ्य विभाग नरक बन गया है।

राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने एक बयान जारी कर कहा कि बिहार के अस्पतालों में कहीं डॉक्टर नहीं हैं, कहीं रूई नहीं है- रूई है तो सुई नहीं है, कहीं दवा नहीं है, कहीं बेड नहीं हैं और अब हालत यह है कि अस्पताल में मरीज के लिए व्हील चेयर तक उपलब्ध नहीं है। मजबूरी में मरीज को कभी साइकिल, कभी चारपाई, कभी स्कूटर पर बैठाकर ले जाना पड़ रहा है।

उन्होंने आगे कहा, "अमंगल सरकार में समूचे बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट हो चुकी है। भाजपा-जदयू की सरकार बताए, जब अस्पताल में डॉक्टर नहीं हैं, व्हीलचेयर नहीं है, दवा नहीं है, इलाज की व्यवस्था नहीं है, स्वास्थ्य कर्मी नहीं हैं, तो इसे अस्पताल कहा ही क्यों जाए?"

उन्होंने स्पष्ट लहजे में सवाल उठाते हुए कहा कि ईंट-गारे का ढांचा खड़ा कर फिर उसे मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल कह देने से स्वास्थ्य सेवा, सुविधा और व्यवस्था सुदृढ़ नहीं होती है। ये बिल्डिंग इसलिए बनाते और बनवाते हैं कि इसमें मोटा कमीशन खा सकें, अन्यथा बिना चिकित्सकों, नर्सों, ड्रेसर, लैब टेक्निशियन इत्यादि की भर्ती के बिना अस्पतालों के इन भवनों में कबूतर ही रहेंगे।

उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार को शायद गरीबों का यह दर्द दिखाई नहीं देता, क्योंकि इन्हें कुर्सी से मतलब है, भ्रष्टाचार से मतलब है, बिहार से नहीं। बिहार के सरकारी अस्पताल मरीजों के लिए रेफरल प्वाइंट बन गए हैं, जहां से मरीजों को निजी अस्पतालों में रेफर कर दिया जाता है।

उन्होंने महागठबंधन की सरकार की चर्चा करते हुए आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री रहते हमने 17 महीनों में स्वास्थ्य विभाग में जो सकारात्मक कार्य किए थे, उन सभी को इन भ्रष्ट लोगों ने दरकिनार कर फिर से दलालों और मेडिकल माफियाओं को बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को सौंप दिया है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएस