☰
×

बिहार के सीवान में पटाखा बनाने के दौरान भीषण विस्फोट, तीन लोगों की मौत

 

पटना, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के सीवान जिले में पटाखे बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना बड़हरिया प्रखंड क्षेत्र के अलमापुर गांव की है। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि मकान का अगला हिस्सा ढहकर सड़क पर गिर गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों के बीच दहशत फैल गई। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका व्यक्त की गई है।

जानकारी के मुताबिक, अलमापुर गांव स्थित एक मकान में पटाखे बनाए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की चपेट में मकान में रखे अन्य पटाखे भी आ गए, जिसके बाद लगातार विस्फोट होने लगे।

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, धमाकों की आवाज करीब दो घंटे तक रह-रहकर सुनाई देती रही। शुरुआती जानकारी में लगभग 20 से 25 मिनट तक लगातार धमाके होने की बात भी सामने आई है। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान का अगला हिस्सा ढह गया और मलबा सड़क पर बिखर गया।

धमाकों की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। इस हादसे में तीन लोगों की मौत होने की पुष्टि पुलिस की ओर से की जा रही है। हालांकि, स्थानीय ग्रामीण मृतकों की संख्या पांच बता रहे हैं। मृतकों की वास्तविक संख्या को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस की ओर से फिलहाल तीन लोगों की मौत की जानकारी दी गई है। पुलिस हालांकि मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जता रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस विस्फोट के कारणों और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

मकान में पटाखे बनाने के दौरान विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच