बिहार के सहरसा में शुरू हुई 'पिंक बस' सेवा, महिलाओं और छात्राओं को मिलेगा सुरक्षित सफर
सहरसा, 18 जुलाई (आईएएनएस)। महिलाओं की सुरक्षित और आसान यात्रा को ध्यान में रखते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) ने सहरसा में महिलाओं के लिए विशेष 'पिंक बस सेवा' की शुरुआत की है। इस नई पहल का उद्देश्य महिलाओं और स्कूली छात्राओं को सुरक्षित, आरामदायक और किफायती सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।
बीएसआरटीसी ने इस सेवा का विस्तार सहरसा तक किया है। फिलहाल यह बसें सहरसा-नवहट्टा-मुरादपुर जैसे महत्वपूर्ण मार्गों पर संचालित की जा रही हैं। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इन बसों में जीपीएस ट्रैकिंग, पैनिक बटन और महिला कंडक्टर जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन व्यवस्थाओं से महिलाओं को यात्रा के दौरान अधिक सुरक्षा और भरोसे का एहसास होगा।
पिंक बस सेवा की शुरुआत के बाद स्थानीय महिलाओं और लोगों ने राज्य सरकार के इस कदम की सराहना की। एक स्थानीय महिला ने आईएएनएस से कहा कि राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई पिंक बस सेवा महिलाओं के लिए बेहद अच्छी पहल है।
उन्होंने कहा कि कामकाजी महिलाएं हमेशा समय की कमी से जूझती हैं। यह सेवा उन्हें सुरक्षित तरीके से समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में मदद करेगी। उन्होंने इस पहल के लिए राज्य सरकार का धन्यवाद भी दिया।
एक अन्य स्थानीय महिला ने भी सरकार का आभार जताते हुए कहा कि पिंक बस सेवा महिलाओं के लिए बहुत अच्छी और सुरक्षित पहल है। उन्होंने कहा कि बस में महिला कंडक्टर होने से महिला यात्रियों का आत्मविश्वास और सुरक्षा का एहसास और बढ़ जाता है। इससे महिलाएं बिना किसी डर के यात्रा कर सकेंगी।
बिहार सरकार और बीएसआरटीसी की यह पहल महिलाओं के लिए सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। उम्मीद है कि इससे बड़ी संख्या में कामकाजी महिलाओं, छात्राओं और अन्य महिला यात्रियों को लाभ मिलेगा तथा वे अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से अपने दैनिक सफर को पूरा कर सकेंगी।
--आईएएनएस
वीकेयू/वीसी