बिहार के पूर्णिया में तीसरी बार लगा रोजगार मेला, 3 हजार से अधिक युवाओं को मिला नौकरी का ऑफर : पप्पू यादव
पूर्णिया, 23 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की पहल पर सोमवार को आयोजित रोजगार मेले में 3 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिले। छह महीने के भीतर पूर्णिया में तीसरी बार आयोजित इस रोजगार मेले में एप्पल, ब्लिंकिट, महिंद्रा लॉजिस्टिक्स, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और हुंडई समेत कई बड़ी कंपनियों ने युवाओं का चयन किया।
सांसद पप्पू यादव ने चयनित युवाओं को ऑफर लेटर सौंपे। इस रोजगार मेले का उद्देश्य पूर्णिया, सीमांचल और आसपास के क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इस मौके पर सांसद ने कहा कि रोजगार केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह किसी परिवार की आर्थिक स्थिति बदलने, आत्मसम्मान बढ़ाने और भविष्य सुरक्षित करने का आधार है।
उन्होंने कहा कि देश की प्रगति और अर्थव्यवस्था की चर्चा करते समय गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग के जीवन को भी केंद्र में रखना चाहिए। आज भी समाज में ऐसे अनेक परिवार हैं, जिन्हें बैंक से ऋण नहीं मिल पाता, क्योंकि उनके पास संपत्ति या गारंटी नहीं होती। ऐसे लोग मेहनत और क्षमता होने के बावजूद अपना छोटा व्यवसाय शुरू नहीं कर पाते। जरूरत ऐसी व्यवस्था बनाने की है, जिसमें साधारण परिवारों के युवा भी अपने परिश्रम के दम पर आगे बढ़ सकें।
पप्पू यादव ने कहा कि आम लोगों की खरीदने की क्षमता अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। गरीब व्यक्ति रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुएं खरीदकर भी अर्थव्यवस्था में योगदान देता है। इसलिए लोगों की आय बढ़ाने, रोजगार के अवसर पैदा करने और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने पर ध्यान देना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि केवल नौकरी मिलना पर्याप्त नहीं है। यदि किसी युवा को 16 से 18 हजार रुपए मासिक वेतन मिलता है और उसका अधिकांश हिस्सा किराया, भोजन तथा अन्य खर्चों में चला जाता है, तो परिवार की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो जाता है। युवाओं को बेहतर वेतन, कौशल विकास, पदोन्नति और आगे बढ़ने के अवसर भी मिलने चाहिए।
सांसद ने तकनीकी शिक्षा, आईटी, व्यावसायिक प्रशिक्षण और आधुनिक कौशल से युवाओं को जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने बेटियों को भी आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने के अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने युवाओं से अपनी क्षमता पर विश्वास रखने, लगातार सीखने और मेहनत करने की अपील की। पप्पू यादव ने कहा कि रोजगार मेले के जरिए अधिक से अधिक कंपनियों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि बिहार के युवाओं को नौकरी के लिए दूसरे राज्यों में भटकना न पड़े। उनका उद्देश्य सिर्फ नौकरी दिलाना नहीं, बल्कि युवाओं के जीवन में स्थायी बदलाव लाना है, जिससे वे अपने परिवार का सहारा बन सकें और आने वाली पीढ़ी को बेहतर भविष्य दे सकें।
गौरतलब है कि पूर्णिया में सांसद की पहल पर इससे पहले दो रोजगार मेलों का आयोजन किया जा चुका है।
--आईएएनएस
एमएनपी/एमएस