बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सत्येंद्र नारायण सिन्हा की जयंती पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
पटना, 12 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय सत्येंद्र नारायण सिन्हा की जयंती पर रविवार को राजधानी पटना स्थित श्रीकृष्णापुरी के स्वर्गीय सत्येंद्र नारायण सिन्हा पार्क में राजकीय समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
राजकीय समारोह में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, नागालैंड एवं केरल के पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार, विधायक श्याम रजक, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार तथा वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी स्वर्गीय सत्येंद्र नारायण सिन्हा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने भजन-कीर्तन, आरती-पूजन, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान तथा बिहार गीत की प्रस्तुति देकर समारोह को गरिमामय बनाया। बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर स्वर्गीय सत्येंद्र नारायण सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने लिखा, "बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सत्येंद्र नारायण सिन्हा जी की जयंती पर शत-शत नमन। राजनीति में सादगी और शुचिता के प्रतीक, आपका गरिमामयी जीवन हम सभी को सदैव जनसेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।"
वहीं, बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी 'एक्स' पर उन्हें याद करते हुए लिखा, "बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सत्येंद्र नारायण सिन्हा जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन। उनका सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, जनकल्याण के प्रति समर्पण और विकासोन्मुखी सोच सदैव प्रेरणादायी रहेगी।" स्वर्गीय सत्येंद्र नारायण सिन्हा को बिहार की राजनीति में सादगी, स्वच्छ सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए याद किया जाता है। उनकी जयंती पर आयोजित राजकीय समारोह के दौरान लोगों ने उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प भी दोहराया।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम