×

बिहार के डीजीपी विनय कुमार 15 सितंबर से 21 दिनों की छुट्टी पर, प्रीता वर्मा को अतिरिक्त प्रभार

 

पटना, 15 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार 15 सितंबर से 21 दिनों के अर्जित अवकाश पर चले गए हैं। गृह विभाग की ओर से मंगलवार को जारी अधिसूचना में इसकी जानकारी दी गई।

विनय कुमार का अवकाश 15 सितंबर से 5 अक्टूबर 2तक रहेगा। गृह विभाग की अधिसूचना के अनुसार, डीजीपी विनय कुमार को अखिल भारतीय सेवा (छुट्टी) नियमावली, 1955 के नियम-10, 11 एवं 20 में निहित प्रावधानों के तहत अपरिहार्य निजी एवं स्वास्थ्य संबंधी कारणों से यह अवकाश स्वीकृत किया गया है।

विनय कुमार के अवकाश की अवधि के दौरान बिहार पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार भारतीय पुलिस सेवा की 1991 बैच की अधिकारी प्रीता वर्मा को सौंपा गया है। प्रीता वर्मा वर्तमान में महानिदेशक-सह-महासमादेष्टा, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं, बिहार के पद पर कार्यरत हैं। राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि विनय कुमार के अवकाश की अवधि में प्रीता वर्मा पुलिस महानिदेशक, बिहार के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगी।

इस संबंध में गृह विभाग ने संबंधित अधिकारियों और विभागों को आवश्यक सूचना एवं कार्रवाई के लिए अधिसूचना की प्रतियां भेजी हैं। अधिसूचना की प्रतियां महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), बिहार, कोषागार पदाधिकारी, सचिवालय कोषागार तथा भारत सरकार के गृह मंत्रालय सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई हैं।

गृह विभाग ने विभागीय वेबसाइट पर अधिसूचना अपलोड करने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है। बिहार पुलिस के शीर्ष पद पर यह अतिरिक्त प्रभार 15 सितंबर से प्रभावी होगा और डीजीपी विनय कुमार के 5 अक्टूबर को अवकाश से लौटने तक जारी रहेगा। इसके बाद नियमित रूप से डीजीपी का पदभार विनय कुमार संभालेंगे।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी