×

बिहार के दानापुर आर्मी कैंट में देश का पहला 'सिंदूर पार्क' स्थापित, 350 पौधे लगाए गए

 

पटना, 21 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के दानापुर आर्मी कैंटोनमेंट में देश का पहला 'सिंदूर पार्क' स्थापित किया गया। इस पहल के तहत सेना परिसर में 350 सिंदूर (बिक्सा ओरेलाना) के पौधे लगाए गए। इस पार्क को भारतीय सेना की वीरता, राष्ट्रभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के प्रतीक के रूप में विकसित किया जा रहा है।

इस मौके पर राज्यपाल एवं कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन, बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर के कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह तथा झारखंड एवं बिहार सब एरिया (दानापुर) के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) मेजर जनरल जितेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से सिंदूर के पौधे लगाए।

राज्यपाल ने कहा कि यह सिंदूर पार्क भारतीय सेना और नागरिक समाज के बीच विश्वास, सहयोग तथा साझा उत्तरदायित्व का जीवंत प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल आने वाली पीढ़ियों को संदेश देगी कि देश की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण दोनों ही राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं।

उन्होंने प्राकृतिक सिंदूर के संरक्षण, अनुसंधान और व्यावसायीकरण की दिशा में बिहार कृषि विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को नई दिशा मिलेगी।

बिहार कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह ने कहा कि यह देश का पहला सेना कैंटोनमेंट है, जहां सिंदूर पार्क की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि सिंदूर का लाल रंग केवल एक प्राकृतिक रंग नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति समर्पण, अखंडता, प्रतिबद्धता, साहस और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। भारतीय सैनिक जिस भावना से राष्ट्र की रक्षा करते हैं, उसी भावना को यह पार्क जीवंत बनाए रखेगा।

कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय प्राकृतिक सिंदूर के संरक्षण, वैज्ञानिक उत्पादन, मूल्य संवर्धन और ग्रामीण महिलाओं के माध्यम से इसके व्यावसायीकरण पर लगातार काम कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि दानापुर आर्मी कैंट में स्थापित यह सिंदूर पार्क देशभर के सैन्य प्रतिष्ठानों और अन्य संस्थानों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।

उन्होंने इस पहल को भारतीय सेना के 'ऑपरेशन सिंदूर' की भावना से जोड़ते हुए कहा कि जिस प्रकार यह अभियान राष्ट्र की सुरक्षा और साहस का प्रतीक बना, उसी प्रकार यह सिंदूर पार्क राष्ट्रभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और मातृभूमि के प्रति समर्पण का स्थायी संदेश देगा।

कार्यक्रम में बिहार कृषि विश्वविद्यालय के निदेशक प्रशासन डॉ. राजेश कुमार, निदेशक अनुसंधान डॉ. ए.के. सिंह, एआरआई पटना के निदेशक डॉ. शिवनाथ दास, सेना के वरिष्ठ अधिकारी, विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने इस पहल को केवल वृक्षारोपण अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र, प्रकृति और समाज के प्रति साझा उत्तरदायित्व का सशक्त संदेश बताया।

--आईएएनएस

एमएनपी/वीसी