बिहार: कटिहार में मिनी अवैध गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, एसटीएफ-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक गिरफ्तार
कटिहार, 24 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के कटिहार जिले में पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में अवैध हथियार निर्माण की एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध हथियार, हथियार बनाने में प्रयुक्त उपकरण और एक लेथ मशीन बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ बरारी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बरारी थाना को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के बलुआ से कलिकापुर जाने वाली सड़क पर सुजापुर चौक के समीप बांसभिट्टी स्थित टीन के एक मकान में अवैध हथियार निर्माण का कार्य किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बरारी थाना पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
इसके बाद मौके पर घेराबंदी कर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. रजाउल अंसारी (23) के रूप में हुई है। वह कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र के कजरा गांव का रहने वाला है। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से एक बड़ा दोनाली बंदूक, चार देसी कट्टे, तीन देसी कट्टों के बैरल, तीन अर्द्धनिर्मित देसी कट्टे, एक कट्टे की बॉडी, तीन ट्रिगर, दो खोखा, एक लोहे का फरमा, एक मोटर लेथ मशीन तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया।
इसके अलावा हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण और सामग्री भी जब्त की गई है। कटिहार सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुनील कुमार शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार निर्माण केंद्र का भंडाफोड़ किया। उन्होंने बताया कि लेथ मशीन की आड़ में हथियार तैयार किए जा रहे थे। मौके से बरामद हथियारों और उपकरणों को जब्त कर लिया गया है।
एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ के दौरान यह भी जानकारी मिली है कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी अवैध हथियार निर्माण के मामले में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध हथियार निर्माण गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा तैयार किए गए हथियारों की आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जाती थी। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही इस अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीएससी