×

बिहार: कैमूर में दुर्गावती नदी के किनारे दो लावारिस सूटकेस से क्षत-विक्षत शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

 

भभुआ, 10 मई (आईएएनएस)। बिहार के कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस ने दुर्गावती नदी के किनारे से दो लावारिस सूटकेस बरामद किए हैं, जिनमें दो लोगों के क्षत-विक्षत शव पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। सूटकेस में शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों की सूचना के बाद पुलिस ने रामगढ़ थाना क्षेत्र के चौरसिया पुल के नीचे दुर्गावती नदी के किनारे दो लावारिस सूटकेस से क्षत-विक्षत शव बरामद किए हैं। सूटकेस से जब दुर्गंध आई, तब स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस जब सूटकेस खोली तो उसमें से कटे हुए मानव अंग बरामद हुए।

पुलिस ने संभावना जताई है कि मृतकों में एक बच्चा और एक वयस्क शामिल हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कैमूर के पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति की बारीकी से मुआयना किया।

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों द्वारा दुर्गावती नदी में शरीर के कुछ हिस्से तैरते हुए देखे जाने की सूचना मिली थी। हमारी फोरेंसिक और फोटोग्राफिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। नदी से दो सूटकेस बरामद हुए हैं, जिनमें मानव के हाथ, पैर और धड़ जैसे शरीर के विभिन्न अंग मिले हैं।

उन्होंने साफ तौर पर कहा कि हमारे जिले के किसी भी थाने में ऐसी किसी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं है। पुलिस को संदेह है कि हत्या कहीं और की गई है। उन्होंने कहा कि आसपास के जिलों को भी इसकी सूचना भेजी गई है, ताकि मृतकों की शिनाख्त हो सके। फोरेंसिक जांच के बाद ही सही जानकारी का पता चल सकेगा। सूटकेस में मानव अंग तेज धारदार हथियार से कटे हुए हैं। पुलिस अब पूरे मामले की सभी कोणों से जांच कर रही है।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी