बिहार : 'जॉय ऑफ रीडिंग, बियोंड बुक्स' थीम पर सजेगा पटना पुस्तक मेला, 500 से अधिक कार्यक्रम होंगे आयोजित
पटना, 21 नवंबर (आईएएनएस)। सेंटर फॉर रीडरशिप डेवलपमेंट (सीआरडी) की ओर से आयोजित होने वाला पटना पुस्तक मेला इस वर्ष चार से 15 दिसंबर तक गांधी मैदान में आयोजित किया जाएगा। शनिवार को भूमि पूजन के साथ ही पुस्तक मेले के पंडाल निर्माण का कार्य शुरू हो गया। इस बार पुस्तक मेले की थीम 'जॉय ऑफ रीडिंग, बियोंड बुक्स' रखी गई है।
42 वर्षों से आयोजित हो रहा यह पुस्तक मेला इस बार बिहार गीत के रचयिता और लोककवि सत्यनारायण को समर्पित होगा। इसकी जानकारी सीआरडी पटना पुस्तक मेला के अध्यक्ष एवं साहित्यकार रत्नेश्वर ने दी। उन्होंने बताया कि इस बार पुस्तक मेले में 500 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें करीब छह हजार विशेषज्ञ, प्रतिभागी, कलाकार और अतिथि शामिल होंगे। मेले में साहित्य, कला, सिनेमा, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और संस्कृति से जुड़े विविध आयोजन होंगे। इस बार करीब 200 पुस्तक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें देश के प्रमुख प्रकाशक अपनी किताबों के साथ शामिल होंगे।
इस बार पुस्तक मेले का विशेष आकर्षण 'बुक गाइड' कार्यक्रम होगा। आनंद कुमार के संयोजन में बुक गाइड पाठकों, विद्यार्थियों और संस्थानों को पुस्तकों तथा लेखकों के बारे में जानकारी देंगे। वे बताएंगे कि किस स्टॉल पर किस प्रकाशक और लेखक की किताब उपलब्ध है और कौन-सी नई पुस्तक पाठकों के लिए खास है। इसके अलावा पाठकों को लेखकों से सीधे संवाद और पुस्तकों पर ऑटोग्राफ लेने का अवसर भी मिलेगा।
युवाओं के लिए 'शब्दांकुर', 'चिट्ठियां' और 'यूथ पोडियम' जैसे विशेष कार्यक्रम होंगे। शब्दांकुर में युवा अपनी कविता, कहानी और व्यंग्य रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। चयनित रचनाकारों को पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, 'चिट्ठियां' कार्यक्रम में डॉ. विमलेन्दु चर्चित चिट्ठियों के बारे में बताएंगे और युवा अपनी पसंदीदा अथवा लिखी गई चिट्ठियों को साझा करेंगे। डॉ. वरुण के संयोजन में यूथ पोडियम पर राजनीति, कला, साहित्य और संस्कृति जैसे विषयों पर संवाद होगा। स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए 'हुनर' कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
अंजनी धर के संयोजन में होने वाले इस आयोजन में 70 से अधिक स्कूलों के करीब चार हजार बच्चों के भाग लेने की संभावना है। इसमें कहानी, माइम शो, वेस्ट क्राफ्ट, सेल्फी चैलेंज और अन्य प्रतियोगिताएं होंगी। सिनेमा-उनेमा फिल्म फेस्टिवल में इस बार सिनेमा-उनेमा शिखर सम्मान की शुरुआत होगी। पहला सम्मान चर्चित अभिनेता राजेश कुमार को दिया जाएगा। इसके अलावा प्रतिदिन शॉर्ट फिल्म का प्रदर्शन और सिनेमा से जुड़े विषयों पर संवाद होगा। स्वास्थ्य संवाद में देश के प्रमुख चिकित्सक हिस्सा लेंगे।
वहीं, कला दीर्घा में युवा, लोक और वरिष्ठ कलाकारों की कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। मेले में कवि सम्मेलन, काव्यकथा, जनसंवाद, नुक्कड़ के रंग, स्कूल उत्सव, ज्ञान-रोजगार, कोचिंग मास्टर और स्वाद विहार सहित कई आयोजन होंगे। स्वाद विहार में बिहार के पारंपरिक व्यंजनों के साथ देश के चुनिंदा व्यंजन भी उपलब्ध होंगे। दो दिनों तक बिहार संवादी का आयोजन भी किया जाएगा। पुस्तक मेले में देशभर के चर्चित लेखक, कवि, पत्रकार और साहित्यकार शामिल होंगे।
--आईएएनएस
एमएनपी/एएस