×

बिहार: जहानाबाद में बालू विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, पांच घायल; मुख्य आरोपी 'विष्णु डॉन' गिरफ्तार

 

जहानाबाद, 4 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र में शनिवार को फल्गु नदी से बालू उठाने के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चौतीपीपर गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान हथियारबंद अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मुख्य आरोपी विष्णु शर्मा उर्फ विष्णु डॉन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार सुबह की है। सूचना मिलते ही डायल-112 और घोसी थाना की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पीड़ित पक्ष की ओर से दर्ज कराए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम गिंजी निवासी विष्णु शर्मा उर्फ विष्णु डॉन अपने 10 नामजद साथियों तथा करीब 20 अज्ञात हथियारबंद लोगों के साथ चौतीपीपर गांव पहुंचा।

आरोप है कि फल्गु नदी से अवैध बालू उत्खनन के पुराने विवाद को लेकर पहले गाली-गलौज की गई और उसके बाद जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी गई। इस गोलीबारी में पीड़ित पक्ष के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में सभी का उपचार किया जा रहा है।

पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलते ही हमलावर मौके से भागने लगे। इसी दौरान स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से मुख्य आरोपी विष्णु शर्मा उर्फ विष्णु डॉन, पिता अवधेश शर्मा, निवासी गिंजी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेने के साथ ही घटनास्थल से दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। मौके के निरीक्षण के दौरान फायरिंग में इस्तेमाल किए गए कारतूसों के कई खोखे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में घोसी थाना में संबंधित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

मामले में फरार 10 नामजद आरोपियों और अन्य अज्ञात हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। जहानाबाद पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस का कहना है कि अवैध खनन, फायरिंग और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीएससी