×

बिहार: जमुई मामले में अब तक 5 गिरफ्तार, पीड़ित की पहचान उजागर करने वालों पर भी कार्रवाई

 

जमुई, 22 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के जमुई जिले में नाबालिग छात्रा और उसके साथी के साथ कथित बदसलूकी के मामले में पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, प्रतापपुर गांव के बाहर नदी के बहियार में छिपे आरोपियों को पकड़ने के लिए चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस और एक आरोपी के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें मुख्य आरोपी नंदन यादव घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने मंगलवार को बताया कि घटना की सूचना पुलिस को 21 सितंबर को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के माध्यम से मिली थी। पुलिस ने तत्काल पीड़ितों की पहचान कर प्राथमिकी दर्ज की और मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। पुलिस ने उसी दिन तीन नाबालिग आरोपियों को निरुद्ध किया था।

पुलिस के अनुसार, घटना 19 सितंबर की शाम करीब 6:45 बजे जमुई थाना क्षेत्र में मारवा और प्रतापपुर के बीच स्थित पहाड़ी इलाके में हुई थी। मामले में जमुई थाना कांड संख्या 428/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की गई।

एसपी ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब पांच बजे सूचना मिली कि मामले के दो मुख्य आरोपी प्रतापपुर गांव से बाहर नदी के बहियार में छिपे हैं। इसके बाद एसआईटी की टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ा गया। उसकी पहचान हरे राम यादव के रूप में हुई। पूछताछ में हरे राम यादव ने पुलिस को दूसरे आरोपी नंदन यादव के बारे में जानकारी दी। इसके बाद अतिरिक्त बल बुलाकर पूरे इलाके की घेराबंदी की गई।

पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान नंदन यादव ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह घायल हो गया। उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बताया कि घटना में गिरफ्तार दोनों मुख्य आरोपी बालिग हैं। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

एसपी के अनुसार, दोनों के अवैध बालू और शराब कारोबार से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है, जिसकी अलग से जांच की जा रही है। इस बीच, वायरल वीडियो के जरिए नाबालिग पीड़ितों की पहचान उजागर करने वालों पर भी पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है। जमुई साइबर थाना में कांड संख्या 45/2026 दर्ज कर करीब 120 सोशल मीडिया प्रोफाइलों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से तीन सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने कहा कि अन्य चिन्हित प्रोफाइलों के खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। एसपी विश्वजीत दयाल ने लोगों से अपील की कि नाबालिग पीड़ितों की पहचान उजागर करने वाली किसी भी सामग्री को सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें। उन्होंने कहा कि ऐसी सामग्री से पीड़ितों को मानसिक और सामाजिक नुकसान हो सकता है।

पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्कूल और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने की भी बात कही गई है।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी