×

बिहार: होली पर्व पर अनुपस्थित रहने वाले 37 प्रशिक्षु सिपाहियों पर गिरी गाज, एसपी ने किया निलंबित

 

मोतिहारी, 3 मार्च (आईएएनएस)। बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिस अधीक्षकों को होली और रमजान पर्व के शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर कई तरह के निर्देश दिए हैं। इस बीच, पूर्वी चंपारण जिले में होली पर्व पर अनुपस्थित रहने वाले 37 प्रशिक्षु सिपाहियों को पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने निलंबित कर दिया है।

पूर्वी चंपारण पुलिस द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार होली के मद्देनजर बुनियादी प्रशिक्षण केंद्र, मोतिहारी में प्रशिक्षणरत प्रशिक्षुओं की विभिन्न थानों में प्रतिनियुक्ति की गई थी। दो मार्च को उपस्थिति जांच के दौरान 37 प्रशिक्षु सिपाही ड्यूटी से अनुपस्थित अथवा थाना में योगदान नहीं करते पाए गए।

होली जैसे संवेदनशील पर्व पर यह कृत्य उनकी कर्तव्यहीनता, अनुशासनहीनता एवं वरीय पदाधिकारी के आदेशों की अवहेलना को दर्शाता है। ऐसी स्थिति में इन सभी प्रशिक्षु सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित किया जाता है एवं विभागीय कार्यवाही के विरुद्ध सात दिनों के अंदर स्पष्टीकरण समर्पित करने का आदेश दिया जाता है।

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने कहा कि होली में हुड़दंग, उपद्रव और असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालकर पुलिस ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है और आम जनता से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में होली मनाने की अपील की है।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है। शराबबंदी कानून और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी निगाह है तथा पर्व में किसी भी तरह के खलल डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

बता दें कि होली को लेकर प्रदेश भर में विभिन्न संवेदनशील जिलों में 30 हजार अतिरिक्त पुलिस जवानों को प्रतिनियुक्त किया गया है। सभी दंगा निरोधी उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ विशेष शाखा और त्वरित कार्य बल की टीमें भी मुस्तैद की गई हैं।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच