☰
×

बिहार: दीपावली के बाद छठ की तैयारी तेज, पटना से गयाजी तक घाटों को दुरुस्त करने में जुटा प्रशासन

 

पटना/गयाजी, 9 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार में दीपावली का त्योहार संपन्न होने के बाद अब लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां तेज हो गई हैं। सूर्योपासना के इस चार दिवसीय महापर्व को लेकर जिला प्रशासन घाटों की साफ-सफाई, मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने में जुट गया है। पटना से लेकर गया तक प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए घाटों पर बुनियादी सुविधाओं के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

पटना में जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गंगा घाटों पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने और पानी के अंदर भी निर्धारित गहराई तक पर्याप्त मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने को कहा है।

खतरनाक घाटों को लाल कपड़े से घेरने और वहां स्पष्ट रूप से 'खतरनाक घाट' लिखने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग, घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत और आवागमन की बेहतर व्यवस्था करने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने सभी घाटों पर पर्याप्त रोशनी, सजावट, स्वच्छता, पेयजल, चेंजिंग रूम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रमुख घाटों पर एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तथा प्रशिक्षित गोताखोर तैनात किए जाएंगे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन सहायता के लिए मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है।

उधर, गया में जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर और वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने सोमवार को शहर के विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। पितामहेश्वर घाट और उत्तर मानस तालाब पर मजबूत बैरिकेडिंग, वॉच टावर, रोशनी और चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।

अधिकारियों को बताया गया कि पितामहेश्वर घाट पर 50 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। घाट तक पहुंचने वाले रास्ते में नाले पर लोहे की मजबूत शीट बिछाने का भी निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

सूर्यकुंड घाट पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त श्रद्धालुओं को फल्गु नदी के घाटों की ओर व्यवस्थित तरीके से भेजने और एसडीआरएफ की टीम तैनात करने को कहा गया। गयाजी डैम और देवघाट पर नदी के पानी की सफाई, बैरिकेडिंग की मजबूती और चेंजिंग रूम की मरम्मत के निर्देश दिए गए।

साथ ही छठ के पारंपरिक लोकगीतों का प्रसारण कराने को कहा गया। सीता कुंड, मानपुर सूर्य पोखर, केंदुई और पॉलिटेक्निक घाट का भी निरीक्षण किया गया। मानपुर सूर्य पोखर में जलजमाव हटाने के लिए जेसीबी लगाने और जल निकासी की व्यवस्था करने, जबकि केंदुई घाट पर सफाई, पहुंच पथ के समतलीकरण, वॉच टावर और प्रवेश-निकास के लिए साइनेज लगाने का निर्देश दिया गया।

पॉलिटेक्निक घाट पर झाड़ियों और गंदे पानी की सफाई कराने को कहा गया। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को छठ महापर्व से पहले सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच