बिहार: सीएम सम्राट चौधरी 5, देशरत्न मार्ग आवास नहीं छोड़ेंगे, मुख्यमंत्री आवास का बढ़ेगा दायरा
पटना, 5 मई (आईएएनएस)। बिहार का मुख्यमंत्री आवास यानी 1, अणे मार्ग को छोड़कर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 7, सर्कुलर रोड आवास आ गए हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी भी अब तक मुख्यमंत्री आवास यानी 1, अणे मार्ग नहीं गए हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी फिलहाल 5, देशरत्न मार्ग को नहीं छोड़ेंगे। ऐसे में 1, अणे मार्ग अभी खाली है। अब बताया जा रहा है कि सम्राट चौधरी 5, देशरत्न मार्ग को खाली नहीं करेंगे और वह एक अणे मार्ग में ही रहेंगे।
बिहार भवन निर्माण विभाग ने आदेश जारी किया है। भू-संपदा पदाधिकारी सह संयुक्त सचिव शिव रंजन ने कहा कि पहले के आदेश को विखंडित करते हुए आवास संख्या 5, देशरत्न मार्ग पटना को अस्थायी रूप से आवास 1, अणे मार्ग का विस्तारित अंश के रूप में चिन्हित किया जाता है। फिलहाल सम्राट चौधरी को उप मुख्यमंत्री के तौर पर 5, देशरत्न मार्ग आवास आवंटित है।
बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनका परिवार पटना स्थित निजी आवास में ही रहता है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आधिकारिक मुख्यमंत्री आवास (1, अणे मार्ग) छोड़ने के बाद माना जा रहा था कि सम्राट चौधरी कोई शुभ मुहूर्त देखकर मुख्यमंत्री आवास में शिफ्ट करेंगे।
इस दौरान बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार को नई दिल्ली में भी एक नया सरकारी आवास अलॉट किया गया है। कहा जा रहा है कि फिलहाल मुख्यमंत्री आवास में कुछ कार्य किया जा रहा है।
बता दें कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उस समय जदयू कोटे से दो उप मुख्यमंत्री बनाए गए थे।
अब सात मई को सीएम सम्राट चौधरी अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करने वाले हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी