×

बिहार: छपरा में नाबालिग बच्ची की मौत के मामले में पप्पू यादव ने पुलिस की जांच पर उठाए सवाल

 

छपरा, 16 मार्च (आईएएनएस)। छपरा में नाबालिग लड़की की संदिग्ध हालात में मौत के मामले को लेकर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने पुलिस की जांच पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि जब तक उचित तकनीकी और फोरेंसिक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक किसी को भी कोई निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए। नीट की छात्रा के साथ भी यही हुआ था। उस मामले में भी न तो यूरीन और न ब्लड जांच की गई थी। आननफानन में कह दिया गया था कि उसने जहर खा लिया है।

उन्होंने कहा कि ये घटना गरीब परिवार की है। अगर प्रेम प्रसंग का मामला है, तब भी इसकी हत्या हुई है और अगर प्रेम प्रसंग का मामला नहीं है तब भी बच्ची की हत्या की गई है। परिस्थिति की वजह से घटना घटी है, इसलिए यह हत्या है।

उन्होंने कहा कि जान चली जाने के बाद भी बच्चियों के बारे में ऐसी बातें कहना गलत है। जब हमारे पास टेक्निकल जांच की व्यवस्था है और एसएफएल की पूरी रिपोर्ट अभी नहीं आई है। इसके पहले ही प्रेम प्रसंग का मामला बता दिया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में पहले ही मेडिकल बोर्ड का गठन करना चाहिए और सीसीटीवी फुटेज की बात होनी चाहिए।

पप्पू यादव ने आगे कहा कि जब बच्ची कुएं में कूदी है तो इसका मोबाइल लोकेशन ट्रेस करना चाहिए था। वहां मौजूद लोगों के लोकेशन से मिलान करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि जिससे बच्ची के प्रेम प्रसंग की बात की जा रही है। उसके मोबाइल की डिटेल लेनी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बेटियों के मामले को प्रशासन प्रेम प्रसंग कहकर डायवर्ट कर देता है।

छपरा जिले के डेरनी थाना क्षेत्र के एक गांव की 10वीं की छात्रा की संदग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्ची का शव कुएं में मिला था। मामले की जानकारी होते ही पुलिस ने जांच शुरू की। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दुष्कर्म की बात से इनकार कर दिया है। मामले की जांच जारी है।

--आईएएनएस

एसडी/वीसी