बिहार : भारत-नेपाल सीमा पर बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, सीमा पार जाने की कर रहा था कोशिश
मोतिहारी, 8 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई में एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह अवैध रूप से भारत में रह रहा था और भारत से नेपाल जाने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि हरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्टम चौक स्थित मैत्री ब्रिज के पास सीमा पर नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान भारत से नेपाल की ओर जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। जांच के दौरान उसकी पहचान मो. श्याम हुसैन के रूप में हुई। वह बांग्लादेश के मुंशीगंज (ढाका) जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र के बरोएगांव गांव का निवासी बताया गया है। उसके पिता का नाम गियासुद्दीन है।
पूछताछ और दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि वह बिना वैध दस्तावेज के भारत में रह रहा था तथा अब नेपाल जाने का प्रयास कर रहा था। इसके बाद हरैया थाना पुलिस ने एसएसबी की सहायता से उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिक से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वह भारत में कब और किस रास्ते से दाखिल हुआ, यहां किन-किन स्थानों पर रहा तथा उसके नेपाल जाने के पीछे क्या उद्देश्य था। मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और संबंधित एजेंसियों को भी सूचना दे दी गई है।
उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले मंगलवार को, पूर्वी चंपारण जिले की भारत-नेपाल सीमा पर ही पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में यूक्रेन की एक महिला नागरिक को भी बिना वैध यात्रा और आव्रजन दस्तावेजों के भारत से नेपाल जाने के प्रयास के दौरान गिरफ्तार किया गया था। लगातार दूसरे दिन विदेशी नागरिकों की गिरफ्तारी के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी और जांच अभियान और अधिक सख्त कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।
--आईएएनएस
एमएनपी