×

बिहार: भागलपुर जिलाधिकारी ने लोक शिकायत निवारण के 11 मामलों की सुनवाई की

 

भागलपुर, 17 जुलाई (आईएएनएस)। भागलपुर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को लोक शिकायत निवारण से संबंधित कुल 11 मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी मामलों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे संवाद स्थापित किया।

सुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों में विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दे शामिल थे, जिनमें राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य जनहित से संबंधित विषय प्रमुख रहे। जिलाधिकारी ने प्रत्येक मामले में शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि लोक शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करते हुए शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया जाए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित मामलों में व्यक्तिगत रूप से निगरानी रखें तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही, जिन मामलों में तत्काल समाधान संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित किया जाए।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि लोक शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए सभी स्तरों पर समन्वय एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आम नागरिकों को त्वरित न्याय एवं राहत मिल सके।

--आईएएनएस

एमएस/