×

बिहार: बेउर जेलकर्मियों से 14-15 घंटे ड्यूटी कराने का आरोप, तेज प्रताप ने सरकार से उचित ड्यूटी और अवकाश की मांग की

 

पटना, 15 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के बेउर जेल में तैनात पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों से कथित तौर पर लगातार 14 से 15 घंटे तक ड्यूटी कराए जाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने बिहार सरकार से जेलकर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से लेने और उनकी ड्यूटी का समय निर्धारित करने की मांग की है।

तेज प्रताप यादव ने कहा कि जेल में तैनात पुलिसकर्मी और सुरक्षाकर्मी बिहार की सुरक्षा व्यवस्था के महत्वपूर्ण प्रहरी हैं। वे लगातार कठिन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में यदि उनसे लंबे समय तक लगातार ड्यूटी कराई जाती है और उन्हें पर्याप्त आराम तथा नियमित अवकाश नहीं मिलता है, तो इसका सीधा असर उनके स्वास्थ्य और कार्यक्षमता पर पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि बेउर जेल में तैनात कई कर्मियों से लगातार 14-15 घंटे तक ड्यूटी लिए जाने की जानकारी मिल रही है। कर्मियों को पर्याप्त छुट्टी और आराम नहीं मिल पा रहा है। सरकार को इस मामले की तत्काल जांच कर वास्तविक स्थिति का पता लगाना चाहिए और यदि शिकायत सही है तो आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए।

जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बिहार सरकार से मांग की कि बेउर जेल में तैनात कर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए। उनकी ड्यूटी का समय उचित रखा जाए और नियमित अवकाश सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मचारी पर अनावश्यक कार्यभार नहीं डाला जाना चाहिए।

तेज प्रताप यादव ने कहा कि पुलिसकर्मी भी बिहार का गौरव हैं और उनकी सेवाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए जरूरी है कि ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को पर्याप्त आराम मिले और उन्हें निर्धारित समय पर अवकाश दिया जाए।

उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि वह अपने कर्मचारियों के अधिकारों और सुविधाओं का ध्यान रखे। लंबे समय तक लगातार ड्यूटी कराने के बजाय ऐसी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए, जिससे कर्मियों पर अतिरिक्त दबाव न पड़े और वे पूरी क्षमता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा सकें।

तेज प्रताप यादव ने अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि बेउर जेल में तैनात कर्मियों के लिए उचित ड्यूटी, पर्याप्त आराम और समय पर छुट्टी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच