बिहार : बेगूसराय में हथियार के बल पर महिला से दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने का आरोप
बेगूसराय, 29 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के बेगूसराय में एक महिला से हथियार का भय दिखाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल करने तथा जान से मारने की कोशिश का मामला प्रकाश में आया है। घटना के संबंध में नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, सोमवार की देर शाम एक महिला नगर थाना पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
महिला ने आरोप लगाया कि 27 सितंबर की सुबह 7:30 बजे वह स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से ऋण की राशि का तगादा करने के लिए निकली थी। इसी दौरान रास्ते में उसका एक पड़ोसी मिला। आरोप है कि उसने झांसा देकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। महिला के आवेदन के अनुसार, पड़ोसी युवक उसे अलका सिनेमा के समीप ले गया, जहां पहले से उसका एक दोस्त मौजूद था। इसके बाद दोनों आरोपी बातचीत के बहाने महिला को एक होटल में ले गए। आरोप है कि होटल के कमरे में पहुंचने के बाद दोनों ने दरवाजा बंद कर दिया और चाकू का भय दिखाकर महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया।
इस दौरान अश्लील वीडियो भी बनाया गया, जिसे बाद में सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल करने का आरोप है। पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह नगर थाना पहुंची और पुलिस को लिखित आवेदन दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया है और एफएसएल टीम को सूचना दी गई है।
वहीं, महिला पुलिस पदाधिकारी के संरक्षण में पीड़िता का मेडिकल सदर अस्पताल, बेगूसराय में कराया जा रहा है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि नगर थाना पुलिस की टीम घटना में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी कर रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में विधि-सम्मत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम