बिहार : बेगूसराय में हादसे में चार युवकों की मौत, हाईवे पर लगा जाम
बेगूसराय, 29 जून (आईएएनएस)। बिहार के बेगूसराय जिले में रविवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सिंघौल थाना क्षेत्र के अंग्रेजी ढाला के पास एनएच-31 पर दो स्कॉर्पियो की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के पोखरिया निवासी हिमांशु कुमार, सनी कुमार, सिकंदर महतो और ऋषभ कुमार के रूप में हुई है। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पोखरिया के छह दोस्त देर रात स्कॉर्पियो से गंगा स्नान के लिए सिमरिया जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक दूसरी स्कॉर्पियो से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। दूसरी स्कॉर्पियो बखरी थाना क्षेत्र से बारात लेकर विनोदपुर जा रही थी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। एक स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे की सूचना मिलते ही सिंघौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए एनएच पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर प्रतीत हो रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम