×

बिहार : बांकीपुर हार पर जदयू विधायक अनंत सिंह का दावा, 'नीतीश को हटाए जाने की धारणा से नाराज हुई जनता'

 

पटना, 4 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर लगातार जारी है। जनता दल (यूनाइटेड) के मोकामा से विधायक अनंत सिंह ने इस हार की वजह बताते हुए कहा कि जनता के बीच यह धारणा बन गई थी कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनके पद से हटा दिया गया है और इसी नाराजगी का असर चुनाव परिणाम पर दिखाई दिया।

अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि लोगों के बीच यह संदेश गया कि भाजपा ने मजबूरी में नीतीश कुमार के साथ ऐसा किया। हालांकि बाद में यह कहा गया कि सब कुछ आपसी सहमति से हुआ है लेकिन जनता के मन में यह बात बैठ गई कि जिस नेता के नाम पर उन्होंने वोट दिया, उसे बाद में कमजोर कर दिया गया। उनके मुताबिक, यही धारणा भाजपा के खिलाफ माहौल बनने का एक बड़ा कारण बनी।

उन्होंने कहा कि जनता को यह अच्छा नहीं लगा कि जिस नेतृत्व पर भरोसा कर उसने मतदान किया, उसे बाद में सत्ता से अलग कर दिया गया। उनका कहना था कि लोग मानते हैं कि नीतीश कुमार ने राज्य में काम किया है और यदि वे स्वयं पद छोड़ते तो बात अलग होती, लेकिन जनता को लगा कि उन्हें हटाया गया है। इसी भावना ने मतदान को प्रभावित किया और इसका असर मतदान के रुझान से लेकर अंतिम नतीजों तक स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

जदयू विधायक अनंत सिंह ने कहा कि बिहार की जनता ने हमेशा विकास और नेतृत्व के आधार पर फैसला लिया है। उनके अनुसार, लोगों के मन में यह विश्वास बना रहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में कई काम हुए और उसी भरोसे पर उन्हें समर्थन मिला था। ऐसे में उनके साथ कथित तौर पर हुए व्यवहार को लेकर मतदाताओं में असंतोष दिखाई दिया। अनंत सिंह ने विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर भी निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में राजद की स्थिति बेहद कमजोर रही और जनता ने उसे भी स्वीकार नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि सिर्फ किसी एक जाति के सहारे राजनीति नहीं की जा सकती और इस चुनाव में विभिन्न वर्गों के मतदाताओं ने अलग तरीके से मतदान किया है।

बांकीपुर विधानसभा के उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भाजपा उम्मीदवार को हराकर जीत दर्ज की है। इस परिणाम के बाद बिहार की राजनीति में नए समीकरणों, सत्ता पक्ष की रणनीति, जदयू-भाजपा संबंधों और आगामी विधानसभा चुनाव की संभावित दिशा को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं और अटकलें तेज हो गई हैं।

--आईएएनएस

एमएनपी/पीएम