×

बिहार : बांका में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, पिस्टल व उपकरणों के साथ एक गिरफ्तार

 

बांका, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के बांका जिले में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के एक बड़े गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया है। धोरैया थाना क्षेत्र के सरवा गांव में चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री से दो अर्द्धनिर्मित पिस्टल, पिस्टल के पुर्जे और हथियार बनाने के कई उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मौके से आरोपी बोध नारायण मंडल को गिरफ्तार कर लिया है।

मंगलवार को एसटीएफ पटना की आर्म्स सेल से मिली गुप्त सूचना के आधार पर बांका पुलिस ने यह कार्रवाई की। बुधवार को बौसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने सरवा गांव स्थित आरोपी बोध नारायण मंडल (48 वर्ष) के घर पर छापा मारा।

छापे के दौरान पुलिस को दो अधूरी पिस्टल, पिस्टल का बैरल, स्लाइड, बट सहित कई अन्य पुर्जे बरामद हुए। इसके अलावा लेथ मशीन के पार्ट्स, ग्राइंडर, ड्रिल बीट, डाई, सात जिंदा कारतूस (एचपीएम 32) और हथियार निर्माण के अन्य औजार भी जब्त किए गए। आरोपी बोध नारायण मंडल को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। इस मामले में धोरैया थाना कांड संख्या 101/26 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि यह अवैध फैक्ट्री काफी समय से चल रही थी और यहां स्थानीय स्तर पर पिस्टल जैसी घातक हथियार बनाए जा रहे थे। बरामद सामग्री की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। छापेमारी दल में धोरैया थानाध्यक्ष अमित कुमार, पुअनि आसिफ अख्तर और एसटीएफ आर्म्स सेल के सदस्य शामिल थे। पुलिस अब इस अवैध हथियार नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ये हथियार कहां सप्लाई किए जा रहे थे और कितने समय से यह गोरखधंधा चल रहा था।

बांका पुलिस अधीक्षक ने इस सफल कार्रवाई पर टीम को बधाई दी है और कहा है कि जिले में अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि किसी को ऐसी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

--आईएएनएस

एससीएच