☰
×

बिहार: बाढ़ में जनआशीर्वाद रैली को लेकर विधायक अनंत सिंह समेत तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज

 

पटना, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में आयोजित जनआशीर्वाद रैली को लेकर मोकामा के विधायक अनंत कुमार सिंह, जन सुराज के एमएलसी प्रत्याशी अनुज कुमार और उनके एक सहयोगी के खिलाफ तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को आयोजित इस रैली में कथित तौर पर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया गया। इस दौरान अनुमति से अधिक दोपहिया और चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल करने, वाहनों में सायरन और हूटर बजाने तथा शहर के विभिन्न स्थानों पर जेसीबी से पुष्पवर्षा करने के आरोप हैं।

बाढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ)-1 राम कृष्णा ने सोमवार को बताया कि 18 अक्टूबर को मोकामा के विधायक अनंत कुमार सिंह की ओर से बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में जनआशीर्वाद रैली का आयोजन किया गया था। इस रैली में एमएलसी चुनाव के प्रत्याशी अनुज कुमार के पक्ष में व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार किया गया। उन्होंने बताया कि रैली के लिए जो अनुमति ली गई थी, उसके मुकाबले कारकेड में कहीं अधिक संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल किया गया। इनमें कई वाहनों में सायरन और हूटर का प्रयोग भी किया जा रहा था।

इसके अतिरिक्त, शहर में कई स्थानों पर जेसीबी लगाकर अनियंत्रित तरीके से पुष्पवर्षा की जा रही थी। एसडीपीओ के मुताबिक, रैली के दौरान किए गए इन क्रियाकलापों से सामान्य विधि-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। साथ ही, एमएलसी चुनाव के दौरान लागू आदर्श आचार संहिता का भी अनुपालन नहीं हो सका।

उन्होंने बताया कि चुनावी नियमों के उल्लंघन के मामले में प्रतिनियुक्त एफएसटी (फ्लाइंग स्क्वॉड टीम) के पदाधिकारियों की ओर से कार्रवाई की गई है। इस संबंध में बाढ़ और मोकामा थानों में कुल तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। प्राथमिकी में विधायक अनंत कुमार सिंह, एमएलसी प्रत्याशी अनुज कुमार और उनके एक सहयोगी को आरोपित किया गया है।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामले में आवश्यक विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। रैली के दौरान कथित तौर पर किए गए उल्लंघनों को लेकर दर्ज मामलों में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी