बिहार : अंगभूमि में सदियों पुरानी है सूर्योपासना की परंपरा, पुरातात्विक साक्ष्यों में छिपा है इतिहास
भागलपुर, 15 नवंबर (आईएएनएस)। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर जब श्रद्धालु अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं, तब अंगभूमि की सदियों पुरानी सूर्योपासना परंपरा भी चर्चा में आती है। बिहार का अंग प्रदेश, विशेषकर वर्तमान भागलपुर और आसपास का इलाका, प्राचीन काल से सूर्य आराधना का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है।
यहां की पहाड़ियों, ऐतिहासिक स्थलों और मंदिरों से प्राप्त प्राचीन सूर्य प्रतिमाएं इस क्षेत्र में सूर्योपासना की व्यापक परंपरा के पुरातात्विक साक्ष्य प्रस्तुत करती हैं। इतिहासकारों के अनुसार, अंगभूमि का सूर्योपासना से संबंध धार्मिक मान्यताओं के साथ-साथ ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। महाभारत की परंपरा में अंगराज कर्ण को सूर्यपुत्र बताया गया है।
मान्यता है कि कर्ण प्रतिदिन भगवान सूर्य की उपासना करते थे और पूजा के बाद याचकों को दान देते थे। अंगदेश का राजा बनने के बाद भी उनकी सूर्य साधना और दानशीलता प्रसिद्ध रही। सूर्यपुत्र कर्ण की यह कथा अंगभूमि की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। टीएनबी कॉलेज, भागलपुर के इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. रविशंकर कुमार चौधरी के अनुसार, अंग क्षेत्र में सूर्योपासना की प्राचीनता समझने के लिए यहां मिले पुरातात्विक साक्ष्य बेहद महत्वपूर्ण हैं।
भागलपुर और आसपास के इलाकों में गुप्त, गुप्तोत्तर और पालकालीन सूर्य प्रतिमाओं की उपलब्धता बताती है कि इस भूभाग में सूर्य को स्वतंत्र आराध्य देवता के रूप में प्रतिष्ठा प्राप्त थी। अजगैबीनाथ पहाड़ी, मुरली पहाड़ी, चंपानगर, विक्रमशिला, मंदार पर्वत और बटेश्वर पहाड़ी इसके प्रमुख उदाहरण हैं। सुल्तानगंज की अजगैबीनाथ पहाड़ी को शिवोपासना के प्रमुख केंद्र के रूप में जाना जाता है, लेकिन यहां प्राप्त सूर्य और नवग्रह संबंधी शिल्पावशेष भी विशेष महत्व रखते हैं। सूर्य की प्रतिमाओं में उन्हें कमल पुष्प धारण किए तथा सप्ताश्व रथ से संबद्ध रूप में प्रदर्शित किया गया है।
इसी तरह भागलपुर के निकट मुरली पहाड़ी पर विष्णु, शिव, सूर्य, गणेश, दुर्गा, बुद्ध और नवग्रह से संबंधित शिल्पाकृतियां मिली हैं। इनमें कुछ प्रतिमाओं को छठी शताब्दी यानी गुप्तकालीन माना जाता है। प्राचीन अंग की राजधानी चंपा से संबंधित चंपानगर और पत्थरघट्टा क्षेत्र भी सूर्योपासना की विरासत समेटे हुए हैं। यहां काले पत्थर की सूर्य प्रतिमा में भगवान भास्कर को सात घोड़ों के रथ पर आरूढ़ दिखाया गया है।
वहीं, बांका जिले के मंदार पर्वत और बटेश्वर पहाड़ी के साथ कहलगांव के निकट ओलपुरा तथा ताड़र गांवों में भी सूर्य की प्राचीन प्रतिमाएं मिली हैं। कहलगांव स्थित विक्रमशिला बौद्ध महाविहार की खुदाई से प्राप्त सूर्य की छह प्रतिमाएं इस क्षेत्र में सूर्य आराधना की व्यापकता का महत्वपूर्ण प्रमाण हैं। इनमें तीन प्रतिमाएं काले पत्थर और तीन चूना पत्थर से निर्मित हैं। इन प्रतिमाओं में भगवान सूर्य को अलंकृत मुकुट और पारंपरिक वेशभूषा में कमल पुष्प धारण किए दर्शाया गया है। उनके साथ दंड, पिंगला, ऊषा, प्रत्यूषा और अन्य सेविकाओं के अंकन के अलावा रथ खींचते घोड़ों की आकृतियां भी दिखाई देती हैं।
पूर्व जनसंपर्क उपनिदेशक एवं इतिहासकार शिव शंकर सिंह पारिजात के अनुसार, सूर्यपुत्र कर्ण की कर्मभूमि रही अंगभूमि में भगवान भास्कर की आराधना की परंपरा पुरातन काल से विद्यमान है। विक्रमशिला की खुदाई के अलावा अजगैबीनाथ, मंदार, बटेश्वर और आसपास के गांवों से मिली सूर्य प्रतिमाएं इस परंपरा की व्यापकता दर्शाती हैं। भागलपुर के नया बाजार स्थित एक मंदिर में भी करीब सौ वर्ष पुरानी सूर्य प्रतिमा संग्रहित है। भागलपुर शहर के बूढ़ानाथ- जोगसर क्षेत्र में सखीचंद घाट रोड स्थित सूर्य देव नारायण मंदिर भी इस परंपरा की महत्वपूर्ण कड़ी है।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, पीपल के वृक्ष के नीचे स्थित इस मंदिर में सफेद संगमरमर की सूर्य प्रतिमा स्थापित है। पहले छठ के अवसर पर श्रद्धालु गंगा स्नान और सूर्य को अर्घ्य देने के बाद मंदिर की परिक्रमा करते थे। डॉ. चौधरी का मानना है कि इन ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहरों का व्यवस्थित सर्वेक्षण, काल निर्धारण और संरक्षण जरूरी है। इन स्थलों को सूर्योपासना विरासत परिपथ के रूप में विकसित करने से अंग प्रदेश के सांस्कृतिक इतिहास को नई पहचान मिल सकती है। दरअसल, छठ में अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा प्रकृति, जल, प्रकाश और जीवन के प्रति कृतज्ञता का संदेश देती है। गंगा के विस्तृत तट और कृषि संस्कृति से समृद्ध अंगभूमि में सूर्य आराधना की यह परंपरा आज भी लोकआस्था के रूप में जीवंत है।
--आईएएनएस
एमएनपी/एसके