BIG UPDATE : नोएडा से लिफ्ट देकर स्लीपर बस में नाबालिग से गैंगरेप, ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार
राजधानी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ चलती स्लीपर बस में सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।
यह खौफनाक वारदात 4 अगस्त की रात की है। पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा है। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने परिजनों से किसी बात पर नाराज होकर बिना बताए घर से निकल गई थी और नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे भाई के घर जा रही थी।
गलत जगह उतरने पर दिया झांसा
भारी बारिश और अंधेरे की वजह से छात्रा गलती से नोएडा के परी चौक पर उतर गई। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक खाली स्लीपर बस को छात्रा ने रुकने का इशारा किया। बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने छात्रा को नोएडा सेक्टर-63 पहुंचाने का झांसा देकर बस में बैठा लिया।
बस के पर्दों का फायदा उठाकर वारदात
आरोप है कि बस चलने के कुछ देर बाद ही कंडक्टर संदीप और ड्राइवर कुलदीप ने छात्रा के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। इसके बाद दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। परी चौक से कश्मीरी गेट तक के लगभग 47 किलोमीटर के सफर के दौरान बस खिड़कियों पर पर्दे लगे होने के कारण बाहर किसी को भी अंदर की घटना का अंदेशा नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि बस सूरजपुर वर्कशॉप से मरम्मत के बाद तिमारपुर पार्किंग की ओर जा रही थी।
पुलिस ने बस जब्त की, फॉरेंसिक जांच जारी
वारदात के बाद आरोपी छात्रा को देर रात कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर छोड़कर फरार हो गए। घबराई पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर कश्मीरी गेट थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तिमारपुर की एक बस पार्किंग से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्लीपर बस को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।