☰
×

Big Breaking : Vrindavan News: प्रेमानंद महाराज के शिष्य की चौथी मंजिल से गिरने से मौत, पुलिस जांच में जुटी
 

 

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक कुमार, जिन्हें रसिक दुलारी सरन के नाम से भी जाना जाता था, की शुक्रवार को मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दीपक चौथी मंजिल से नीचे गिर गए थे। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद वृंदावन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
प्रेमानंद महाराज के आश्रम के पीछे रहते थे
पुलिस के मुताबिक, दीपक कुमार पिछले करीब डेढ़ साल से प्रेमानंद महाराज के आश्रम के पीछे स्थित एक सोसाइटी के फ्लैट में रह रहे थे। वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
बताया गया है कि दीपक ने फरवरी 2025 में प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी। घटना के बाद आश्रम और आसपास के इलाके में लोगों के बीच काफी चर्चा है।


पुलिस कर रही मामले की जांच
एसपी सिटी राजीव कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में दीपक के चौथी मंजिल से गिरने की जानकारी सामने आई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है। मामले में आसपास मौजूद लोगों और आश्रम से जुड़े लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
घटना के कारणों पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं
दीपक की मौत के पीछे क्या परिस्थितियां थीं, इसे लेकर अभी आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति ज्यादा स्पष्ट हो सकती है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के सभी संभावित पहलुओं को देखा जा रहा है। आश्रम की ओर से भी इस मामले में अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।