विक्रमशिला सेतु में खामियों पर बड़ा एक्शन, मरम्मत जल्द शुरू होगी
बिहार के भागलपुर जिले में स्थित विक्रमशिला सेतु को लेकर उठाई गई चिंताओं का अब असर दिखने लगा है। टीवी-9 भारतवर्ष की रिपोर्ट के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग हरकत में आ गए हैं। पुल में पाए गए तकनीकी खामियों को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सेतु के एक्सपेंशन ज्वाइंट के बीच लगातार बढ़ते गैप और उससे संभावित खतरे को लेकर बार-बार चेतावनी दी जा रही थी। इस मामले को लेकर विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों ने भी चिंता जताई थी। अब इन चेतावनियों के बाद मरम्मत की दिशा में कदम उठाया जा रहा है।
विक्रमशिला सेतु की संरचना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली बॉल-बेयरिंग अपने निर्धारित स्थान से खिसक गई है। इसके कारण पुल के स्पैन अब एक-दूसरे के समानांतर नहीं रह गए हैं, जो तकनीकी दृष्टि से एक गंभीर समस्या मानी जाती है। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो यह भविष्य में बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पुल पर रोजाना भारी संख्या में वाहन गुजरते हैं, ऐसे में इसकी सुरक्षा बेहद जरूरी है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मरम्मत कार्य पूरा करने की मांग की है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
प्रशासन की ओर से अब पुल की तकनीकी जांच और मरम्मत के लिए संबंधित विशेषज्ञों को निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
विक्रमशिला सेतु बिहार के महत्वपूर्ण पुलों में से एक है, जो भागलपुर को अन्य जिलों से जोड़ता है। ऐसे में इसकी मरम्मत और रखरखाव बेहद जरूरी है।
फिलहाल, विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जल्द ही पुल की मरम्मत का काम शुरू होने की उम्मीद है।