रोजगार मेला : केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने दी बधाई, नव-नियुक्त उम्मीदवारों ने जताया पीएम मोदी का आभार
भुवनेश्वर, 23 मई (आईएएनएस)। रोजगार मेले के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देश भर में 47 स्थानों पर 51 हजार से अधिक नवनियुक्त उम्मीदवारों को वर्चुअल माध्यम से नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस मौके पर ओडिशा में भी रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मौके पर केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी।
इस अवसर पर जुएल ओराम ने कहा कि आज हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र मिले हैं, जिनमें भुवनेश्वर के अभ्यर्थी भी शामिल हैं। उन्होंने सभी चयनित उम्मीदवारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं।
नव-नियुक्त युवाओं से ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार के अवसर बढ़ाने और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, उन्होंने विभिन्न विभागों को मजबूत करने के लिए की जा रही नियुक्तियों की सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी के संदेश का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्र निर्माण के लिए खुद को समर्पित करना चाहिए और पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
रोजगार मेले में नियुक्ति पत्र पाने वाली सोनाली मिश्रा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "मैं भारत सरकार की बेहद आभारी हूं कि युवाओं को ऐसा अवसर दिया जा रहा है। मेरे माता-पिता मुझ पर गर्व महसूस कर रहे हैं। इससे भारत और मजबूत बन रहा है। यहां बड़ी संख्या में लड़कियां मौजूद हैं, जिस पर मुझे और गर्व हो रहा है। मेरा चयन भारतीय रेलवे में लेवल-1 कैटेगरी में हुआ है। आज के समय में सरकारी नौकरी हासिल करना काफी प्रतिस्पर्धात्मक है और अब मैं खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हूं।"
एम्स भुवनेश्वर ट्रॉमा सेंटर कैजुअल्टी में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर चयनित पोशाली हल्दर ने कहा, "वह आज बेहद खुश हैं और खुद पर गर्व महसूस कर रही हैं। उन्होंने बताया कि कॉलेज खत्म होने के बाद से वह इस दिन का इंतजार कर रही थीं। उन्होंने कहा कि यह मेरा पहला प्रयास था और एम्स भुवनेश्वर में मेरा चयन हुआ है। इसके लिए मैं बहुत खुश और आभारी हूं। मैं युवाओं से कहना चाहती हूं कि अपना 100 प्रतिशत दें, सफलता जरूर मिलेगी।"
छत्तीसगढ़ के एक अभ्यर्थी ने बताया कि उनका चयन एम्स भुवनेश्वर में नर्सिंग ऑफिसर के रूप में हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से कई प्रेरणादायक बातें साझा कीं, जिससे उनके साथी भी प्रेरित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग कई बार हार मान जाते हैं, लेकिन मैंने चार प्रयास किए और पांचवें प्रयास में सफलता मिली। जब तक सफलता न मिले, तब तक हार नहीं माननी चाहिए। मेहनत करते रहिए, एक दिन जरूर सफलता मिलेगी।
--आईएएनएस
पीएसके/एएस