भ्रष्टाचार उजागर करने वाले जरनैल सिंह पर एफआईआर, थप्पड़ मारने वाले मंत्री पर नहीं: अनुराग ढांडा
नई दिल्ली, 29 सितंबर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने दिल्ली में पार्टी विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ दर्ज एफआईआर, प्रदूषण और पंजाब के लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) मामले को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करने वाले जरनैल सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है, जबकि एक मंत्री द्वारा एक युवा को सार्वजनिक रूप से थप्पड़ मारने के मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
अनुराग ढांडा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि यह भाजपा का ऐसा भारत है, जिसमें पूरे देश में गुंडागर्दी फैलाने की कोशिश की जा रही है। करोड़ों लोगों ने कैमरे पर एक मंत्री को एक युवा को थप्पड़ मारते हुए देखा है। उनका सवाल था कि इस मामले में अब तक एफआईआर क्यों दर्ज नहीं की गई।
दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए घोषित ‘विंटर एक्शन प्लान’ पर भी ढांडा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिया है कि दिल्ली में प्रदूषण कम करना उनके नियंत्रण में नहीं है।
वहीं, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में हुए विवाद पर ढांडा ने कहा कि मामला पंजाब सरकार के संज्ञान में आने के 24 घंटे के भीतर स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया और परिसर में शांति बहाल हुई। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों, विशेषकर FIR दर्ज करने की मांग को पूरा किया गया और मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।
ढांडा ने कहा कि रिपोर्टों में हिंसा में बाहरी तत्वों के शामिल होने की बात सामने आई है। एसआईटी यह पता लगाएगी कि ये लोग कौन थे और उनके पीछे किसकी भूमिका थी। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि छात्र दस दिनों से विश्वविद्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तो विश्वविद्यालय प्रशासन ने सरकार को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी।
उन्होंने कहा कि एलपीयू प्रशासन की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए और यह पता लगाया जाना चाहिए कि क्या परिसर में जानबूझकर तनावपूर्ण माहौल बनाया गया।
--आईएएनएस
एसएके/वीसी