भोपाल रेल मंडल में मादक पदार्थ की तस्करी और पटाखों का परिवहन करने वालों पर बड़ी कार्रवाई, चार गिरफ्तार
भोपाल, 16 जून (आईएएनएस) पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल रेल मंडल में रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने विशेष अभियान चलाकर मादक पदार्थ की तस्करी और पटाखों का अवैध परिवहन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है । रेलवे प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार रेल सुरक्षा बल, सीआईबी भोपाल द्वारा मिशन संरक्षा के अंतर्गत रेल परिचालन एवं यात्री सुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु चलाए गए सुरक्षा एवं सतर्कता जांच अभियान के दौरान भोपाल स्टेशन पर गाड़ी संख्या 22161 (भोपाल–दमोह राज्यरानी एक्सप्रेस) में एक व्यक्ति के पास से पांच कार्टून में रखे 22 पैकेट ज्वलनशील पटाखे बरामद किए गए।
जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 33,420 आंकी गई है, जिसे बरामद कर रेल अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस के अंतर्गत रेल सुरक्षा बल इटारसी एवं सिविल पुलिस थाना पथरोटा द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई। वहीं, ट्रेन संख्या 12409 गोंडवाना एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे एक महिला एवं दो व्यक्तियों को अवैध मादक पदार्थ (गांजा) के साथ पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से कुल 20 किलो 575 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4.60 लाख है।
इसी तरह यात्रियों के सामान एवं संपत्ति की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के अंतर्गत आरपीएफ सीआईबी, भोपाल ने जीआरपी इटारसी के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए यात्री सामान चोरी के मामले का सफल खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 60 हजार मूल्य का चोरी गया मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामदगी के साथ मोबाइल शिकायतकर्ता के सुपुर्द कर दिया गया।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि रेल सुरक्षा बल, भोपाल मंडल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की रक्षा तथा अपराध एवं तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण हेतु निरंतर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। आधुनिक तकनीक, सतर्क निगरानी तथा विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वित कार्रवाई के माध्यम से आरपीएफ यात्रियों को सुरक्षित एवं भरोसेमंद रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
--आईएएनएस
एसएनपी/पीएम