भोपाल में महिला कांग्रेस ने कंगना रनौत के पुतले का किया दहन
भोपाल, 30 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस की महिला विंग ने सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत द्वारा दिए गए एक विवादित बयान के विरोध में प्रदर्शन किया और उनके पुतले का भी दहन किया। दरअसल, बीते दिनों दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर फिल्म अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने बेटियों को लेकर एक विवादित बयान दिया था।
इस बयान की चौतरफा निंदा हुई। बाद में उन्होंने सफाई भी दी। उसी के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय के सामने जिला महिला कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया गया। महिला कांग्रेस नेत्रियों का कहना है कि केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी द्वारा बिलकिस बानो प्रकरण से जुड़े दोषियों के स्वागत एवं समर्थन तथा सांसद कंगना रनौत द्वारा आंदोलनकारी बेटियों के प्रति कथित रूप से अपमानजनक शब्दों के प्रयोग के विरोध में उनके द्वारा यह विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, न्याय और सुरक्षा के मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। देश की बेटियां जब अपने अधिकार और न्याय के लिए आवाज उठाती हैं, तब उनके सम्मान की रक्षा करना हर जिम्मेदार नागरिक और जनप्रतिनिधि का दायित्व है।
जिला महिला कांग्रेस का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ अन्याय, अपराध और अपमानजनक टिप्पणियों के विरुद्ध कांग्रेस पार्टी निरंतर आवाज उठाती रहेगी। महिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार और भाजपा नेताओं से महिलाओं के सम्मान एवं न्याय के प्रति संवेदनशीलता बरतने की मांग की।
--आईएएनएस
एसएनपी/डीकेपी