×

भीषण गर्मी से मिली राहत, लेकिन ट्रैफिक बना आफत; एनसीआर में बारिश, तेज हवाओं और आंधी का येलो अलर्ट

 

नई दिल्ली, 2 जुलाई (आईएएनएस)। लगातार कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस झेल रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गुरुवार सुबह मौसम ने बड़ी राहत दी। सुबह से ही कई इलाकों में हल्की बारिश शुरू हुई, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, राहत लेकर आई यह बारिश यातायात व्यवस्था के लिए आफत बन गई। कई प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल (रेड लाइट) खराब होने के कारण लंबा जाम लग गया, जिसमें स्कूल बसें, दफ्तर जाने वाले कर्मचारी और आम लोग घंटों फंसे रहे।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 2 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने दिनभर आमतौर पर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना जताई है। पूर्वानुमान के मुताबिक, दोपहर और शाम के समय 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 2 जुलाई को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। लगातार बारिश और बादलों की वजह से अधिकतम तापमान में पिछले दिनों की तुलना में अच्छी-खासी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग का पूर्वानुमान बताता है कि 3 जुलाई को भी गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहेगी। इस दिन अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, इस दिन किसी प्रकार की विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।

इसके बाद 4 जुलाई को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री, जबकि 5 जुलाई को 34 और 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दोनों दिनों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 6 जुलाई को भी अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रहने का अनुमान है, जबकि 7 जुलाई को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इन दोनों दिनों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। गुरुवार सुबह हुई बारिश के कारण कई स्थानों पर ट्रैफिक की समस्या भी देखने को मिली। कई व्यस्त चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल बंद होने से लंबी वाहन कतारें लग गईं।

स्कूल खुलने का समय होने के कारण कई स्कूल बसें जाम में फंस गईं, जिससे बच्चों और अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ऑफिस जाने वाले लोगों को भी सामान्य दिनों की तुलना में अधिक समय लगा। मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना जताई है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी