भीलवाड़ा में पुलिस की कार्रवाई, जुआ खेलते 9 लोग गिरफ्तार
भीलवाड़ा, 29 जून (आईएएनएस)। भीलवाड़ा जिले के सवाईपुर कस्बे में जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और बड़लियास थाने की पुलिस ने जुए के अड्डे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 1 लाख 31 हजार 590 रुपए की जुआ राशि, दो कारें और जुए में इस्तेमाल की जा रही सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई रविवार देर रात सवाईपुर इलाके में एक फार्म हाउस पर की गई। बड़लियास थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि जिला स्पेशल टीम को सूचना मिली थी कि हाईवे रोड से करीब 150 मीटर अंदर स्थित एक फार्म हाउस में कुछ लोग समूह बनाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया था कि कुछ लोग बाहर रहकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और अंदर जुआ खेल रहे लोगों को जानकारी पहुंचा रहे हैं।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई। थाना प्रभारी ने बताया कि सवाईपुर चौकी से कांस्टेबल संदीप कुमार और श्रवण कुमार को मौके के लिए रवाना किया गया। पुलिस के मुताबिक, सर्च वारंट लेने में समय लग सकता था और इस दौरान जुआ खेल रहे लोगों के फरार होने की संभावना थी, इसलिए तत्काल दबिश देने का निर्णय लिया गया।
पुलिस टीम ने फार्म हाउस को चारों तरफ से घेर लिया और अंदर प्रवेश किया। इस दौरान कुछ लोग दीवार फांदकर भागने में सफल रहे, जबकि पुलिस ने मौके से 9 लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान वहां ताश के पत्तों से जुआ खेलते हुए आरोपी मिले।
पुलिस ने मौके से जुआ राशि 1 लाख 31 हजार 590 रुपए और अन्य सामान बरामद किए। इसके अलावा फार्म हाउस में खड़ी दो कारों को भी जब्त किया गया।
इस मामले में बड़लियास थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में भीलवाड़ा जिले के दिलदार पठान, प्रकाश चंदवानी सिंधी, फिरोज पठान, मोहम्मद जाहिद और मुज्जफर शेख शामिल हैं। इसके अलावा चित्तौड़गढ़ जिले के कैलाश चंद्र खटीक और शरीफ मोहम्मद, राजसमंद जिले के मोहसीन उर्फ सोनू शाह और मध्य प्रदेश के नीमच निवासी गुणवंंत शर्मा को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस जुआ गतिविधि से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और मौके से फरार हुए व्यक्तियों की भूमिका क्या थी? पुलिस ने कहा कि अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी