×

दिल्ली में भीषण गर्मी से निपटने के लिए सरकार मुस्तैद: सीएम रेखा गुप्ता

 

नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। हीट वेव एक्शन प्लान को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि सरकार हर स्तर पर पूरी तैयारी के साथ काम कर रही है। सभी विभागों को भी इस मसले पर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को कम परेशानी हो।

सीएम रेखा गुप्ता ने मीडिया से बातचीत करते हुए विशेष रूप से तीन अहम उपायों पर जोर दिया।

उन्होंने बताया कि सभी डीटीसी बसों में कोल्ड बॉक्स के जरिए ठंडे पानी की व्यवस्था की जाएगी, ताकि यात्रा कर रहे किसी भी व्यक्ति को जरूरत पड़ने पर तुरंत पानी मिल सके। इसके अलावा बस शेल्टरों के पास भी पानी के काउंटर लगाए जाएंगे, जहां ठंडा पानी और ओआरएस का घोल नि:शुल्क उपलब्ध रहेगा।

मुख्यमंत्री ने श्रमिकों को राहत देते हुए कहा कि श्रम विभाग के माध्यम से सभी नियोक्ताओं को निर्देश दिया गया है कि दोपहर 1 बजे से 4 बजे के बीच श्रमिकों को आराम दिया जाए और उन्हें धूप में काम न करना पड़े। साथ ही, उनके लिए पानी, छांव और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करना भी नियोक्ताओं की जिम्मेदारी होगी।

स्कूलों को लेकर उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्कूलों में पर्याप्त पानी, पंखा और गर्मी से बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। हर बच्चे को स्कूल से छुट्टी से पहले ओआरएस का घोल पिलाकर ही भेजा जाए, ताकि घर लौटते समय उसे गर्मी से राहत मिल सके।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि सभी मंत्रालयों को अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े लोगों तक ये गाइडलाइन पहुंचाने और सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली नगर निगम और पीडब्ल्यूडी को भी साफ-सफाई कर्मियों और निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और धूप के चरम समय में काम रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह तैयार हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी अस्पतालों में दवाइयों और आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि फायर, बिजली और जल विभाग को अलर्ट मोड में रखा गया है, ताकि पूरे शहर में बिजली और पानी की आपूर्ति बिना किसी बाधा के जारी रहे। पानी के सभी संसाधनों को भी पूरी तरह सक्रिय रखा जाएगा।

उन्होंने फायर विभाग की तैयारियों का जिक्र करते हुए कहा कि विभाग क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल्स के साथ हर घटना स्थल पर तेजी से पहुंच रहा है और न केवल घटनाओं पर काबू पाया जा रहा है, बल्कि उनकी रोकथाम के लिए भी लगातार काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हीट वेव से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है और हमारी कोशिश है कि इस गर्मी के मौसम में दिल्लीवासियों को कम से कम दिक्कत का सामना करना पड़े।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी