×

भवानीपुर में अभिषेक बनर्जी ने डाला वोट, कहा-भाजपा की रहती है पुरानी और खोखली भविष्यवाणी

 

कोलकाता, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता और सांसद अभिषेक बनर्जी ने मित्रा संस्थान मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इस दौरान उन्होंने भाजपा के दावों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए अपनी पार्टी की जीत का भरोसा जताया।

भाजपा द्वारा पश्चिम बंगाल में “क्लीन स्वीप” के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि ऐसे दावे पहले भी किए गए थे, लेकिन हर बार नतीजे इसके उलट ही आए हैं। उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं की भविष्यवाणियां कभी सही साबित नहीं हुईं।

उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पुराने बयानों का हवाला देते हुए कहा कि 2021 में भाजपा ने 200 सीटों का दावा किया था, लेकिन TMC ने 200 से ज्यादा सीटें जीत लीं। इसी तरह लोकसभा चुनाव में भी भाजपा के दावे गलत साबित हुए।

अभिषेक बनर्जी ने कहा कि इस बार भी भाजपा 177 सीटों का दावा कर रही है, लेकिन उनके “ट्रैक रिकॉर्ड” को देखते हुए यह आंकड़ा काफी कम रह जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि टीएमसी इस बार और बेहतर प्रदर्शन करेगी और 2021 से ज्यादा जनादेश हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का वोट प्रतिशत भी बढ़ेगा।

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो सख्ती भाजपा को अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर दिखानी चाहिए, वह बंगाल के लोगों के साथ दिखाई जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बंगाल की जनता को समझने में नाकाम रही है। साथ ही उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे बड़ी संख्या में मतदान करें और टीएमसी को मजबूत जनादेश दें, ताकि भविष्य में राज्य के साथ किसी तरह का अन्याय करने से पहले विरोधी दलों को कई बार सोचना पड़े।

उन्होंने यह भी कहा कि पहले चरण का मतदान उनकी पार्टी के लिए सकारात्मक रहा है और वे पहले ही “शतक” का आंकड़ा पार कर चुके हैं। अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर यह आरोप भी लगाया कि वह नहीं चाहती कि लोग बड़ी संख्या में मतदान करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लें।

इसके अलावा उन्होंने “बाहरी लोगों” के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि जितना ज्यादा बाहरी लोगों को लाकर बंगाल में प्रभाव डालने की कोशिश की जाएगी, उतना ही भाजपा को नुकसान होगा।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम