×

भारतीय सेना में अविवाहित पुरुषों के लिए 70 पदों पर निकली भर्ती, आवेदन के लिए 20 अगस्त तक मौका

 

नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। इंडियन आर्मी में शामिल होने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, भारतीय सेना में एनसीसी स्पेशल एंट्री स्कीम-125वां कोर्स के तहत शॉर्ट सर्विस कमीशन (नॉन-टेक) के लिए अविवाहित पुरुषों (जिनमें भारतीय सेना के जवानों के युद्ध में हताहत हुए आश्रित भी शामिल हैं) से कुल 70 पदों के लिए आवेदन एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आमंत्रित किए गए हैं।

भारतीय सेना की ओर से जारी 70 रिक्तियों में 63 जनरल कैटेगरी के लिए और 7 केवल भारतीय सेना के युद्ध में हताहत हुए लोगों के बच्चों के लिए हैं। इन सभी वैकेंसी के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 20 जुलाई के दोपहर 3 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 20 अगस्त तक की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवारों की सलाह दी जाती है कि वे भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के दोपहर 3 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर लें।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री या उसके समकक्ष मान्यता प्राप्त योग्यता होनी चाहिए। आवेदकों की न्यूनतम आयु 19 वर्ष और अधिकतम आयु 25 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की शॉर्टलिस्टिंग, एसएसबी इंटरव्यू, चिकित्सा परीक्षण और मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। प्रशिक्षण की अवधि अप्रैल 2027 से 49 हफ्ते की होगी। ट्रेनिंग के दौरान उम्मीदवारों को 56,100 रुपए प्रति माह स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे। वहीं, ट्रेनिंग के बाद चयनित कैंडिडेट्स की रैंक लेफ्टिनेंट की होगी और सीटीसी लगभग 17 से 18 लाख रुपए प्रति वर्ष के बीच सालाना होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

कैंडिडेट्स को भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पदों के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी