भारतीय महिला हॉकी टीम नेशंस कप से पहले ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी
नई दिल्ली, 13 मई (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया ने घोषणा की है कि भारतीय महिला हॉकी टीम आने वाले एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप न्यूजीलैंड 2025-26 की तैयारियों के लिए 21 मई से 3 जून तक ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी। एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप का आयोजन 15 से 21 जून तक ऑकलैंड में होने वाला है।
भारतीय महिला हॉकी टीम 26 से 30 मई तक पर्थ हॉकी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैच खेलेगी। पहले दो मैच 26 और 27 मई को खेले जाएंगे, जबकि बाकी दो मैच 29 और 30 मई को खेले जाएंगे।
ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद, टीम न्यूजीलैंड जाएगी, जहां टीम नेशंस कप से पहले अभ्यास मैच खेलेगी।
साल की शुरुआत में भारतीय टीम ने अर्जेंटीना का दौरा किया था। दौरे पर भारतीय टीम 4 मैच खेली थी जिसमें से 2 में जीत दर्ज किया था। इस यादगार दौरे के बाद भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जा रही है। अर्जेंटीना दौरे के बाद भारतीय टीम साई बेंगलुरु में नेशनल कैंप में कड़ी ट्रेनिंग कर रही है और आगामी व्यस्त कार्यक्रम से पहले अपनी कमजोरियों को सुधारने पर काम कर रही है।
आनंदना, कोका-कोला इंडिया फाउंडेशन के सपोर्ट से, टीम के ड्रैग-फ्लिकर 26 मई से 21 जून तक पर्थ (ऑस्ट्रेलिया) और ऑकलैंड (न्यूजीलैंड) में डच लेजेंड ताके ताकेमा के साथ एक स्पेशल ड्रैगफ्लिक ट्रेनिंग क्लिनिक में भी जाएंगे।
मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने कहा, "बहुत खुशी है कि हॉकी इंडिया की वजह से यह टूर संभव हुआ है। हमें अपनी कमियों को पहचानने और कैंप के बाद अपने सुधारों को भी पहचानने में मदद मिलेगी। हमने देखा है कि जब हमने अर्जेंटीना के साथ खेला था तो बेंचमार्क क्या था, अब हम टेस्ट कर सकते हैं कि हम अपनी पिछली दो जीत के स्तर तक पहुंचने और मोमेंटम बनाए रखने के कितने करीब हैं।"
उन्होंने कहा कि यह टूर न्यूजीलैंड जाने से पहले टीम को कंडीशन के हिसाब से ढलने में कैसे मदद करेगा। लंबी फ्लाइट लेने के बजाय हमने सफर को टुकड़ों में किया ताकि माहौल के हिसाब से ढलने का काम तेजी से हो सके। न्यूजीलैंड में मौसम ज्यादा ठंडा होता है और ऑस्ट्रेलिया (पर्थ) में हालात भी उसके करीब होंगे।
--आईएएनएस
पीएके