भारतीय और वियतनामी कोस्ट गार्ड ने चेन्नई तट के पास संयुक्त अभ्यास ‘सहयोग हॉप-टैक’ पूरा किया
चेन्नई, 27 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय कोस्ट गार्ड (आईसीजी) और वियतनाम कोस्ट गार्ड (वीसीजी) ने गुरुवार को चेन्नई तट के पास संयुक्त समुद्री अभ्यास ‘सहयोग हॉप-टैक’ के दूसरे संस्करण को सफलतापूर्वक पूरा किया। इस अभ्यास ने क्षेत्रीय स्थिरता और समुद्री सुरक्षा के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस रणनीतिक अभ्यास में बड़े पैमाने पर ऑपरेशनल तैनाती की गई, जिसमें आईसीजी के आठ जहाज, छह विमान और वीसीजी का जहाज शामिल थे। इन गतिविधियों की निगरानी संयुक्त रूप से भारतीय कोस्ट गार्ड के महानिदेशक और वियतनाम कोस्ट गार्ड के वाइस कमांडेंट ने की।
टैक्टिकल इंटरऑपरेबिलिटी (आपसी तालमेल) को बेहतर बनाने और खोज-व-बचाव (सर्च-एंड-रेस्क्यू) अभियानों को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से आयोजित इस गहन अभ्यास ने दोनों बलों को आपातकालीन प्रोटोकॉल को एक समान बनाने और समुद्र में बेहतर तालमेल बिठाने में मदद की।
इस अभ्यास का सफल आयोजन द्विपक्षीय समुद्री सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने, महत्वपूर्ण ऑपरेशनल विशेषज्ञता का आदान-प्रदान करने और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में भारत और वियतनाम के बीच लंबे समय से चले आ रहे सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
इससे पहले, भारतीय और वियतनाम कोस्ट गार्ड ने मंगलवार, 25 अगस्त 2026 को चेन्नई में अपनी 7वीं हाई-लेवल मीटिंग की।
भारतीय कोस्ट गार्ड (आईसीजी) के डीजी परमेश शिवमणि और वियतनाम कोस्ट गार्ड (वीसीजी) के वाइस कमांडेंट मेजर जनरल लुओंग दिन्ह हंग की सह-अध्यक्षता में हुई इस मीटिंग में समुद्री खोज और बचाव (एसएआर), समुद्री कानून लागू करने, समुद्री प्रदूषण से निपटने और क्षमता निर्माण जैसे अहम क्षेत्रों में आपसी सहयोग को मजबूत करने पर ध्यान दिया गया था।
दोनों पक्षों ने पेशेवर आदान-प्रदान और जहाजों के दौरे सहित चल रहे आपसी सहयोग की समीक्षा की थी और सहयोग तथा इंटरऑपरेबिलिटी (आपसी तालमेल और मिलकर काम करने की क्षमता) को बढ़ाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई भी थी।
--आईएएनएस
एसएचके/डीएससी