×

भारतीय तटरक्षक बल ने चलाया मेडिकल इवैक्यूएशन ऑपरेशन, जहाज से बीमार नाविक को किया रेस्क्यू

 

भुवनेश्वर, 15 जून (आईएएनएस)। भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने 14 जून को ओडिशा के पारादीप तट के पास एक महत्वपूर्ण मेडिकल इवैक्यूएशन (चिकित्सा निकासी) अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इस दौरान लाइबेरिया के ध्वज वाले व्यापारी जहाज एमवी एमएससी दीया एफ से एक 39 वर्षीय भारतीय नाविक को सुरक्षित निकाला गया।

जानकारी के अनुसार, यह जहाज कोलंबो की ओर जा रहा था। यात्रा के दौरान नाविक की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसमें हृदयाघात (कार्डियक अरेस्ट) जैसे लक्षण दिखाई देने लगे। स्थिति गंभीर होने पर जहाज से तत्काल सहायता की मांग की गई।

सूचना मिलते ही भारतीय तटरक्षक बल ने तेजी से कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। समुद्र में प्रतिकूल परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण मौसम के बावजूद तटरक्षक दल ने सफलतापूर्वक नाविक को जहाज से बाहर निकालकर सुरक्षित चिकित्सा सहायता के लिए पहुंचाया।

भारतीय तटरक्षक बल ने बताया कि समय पर की गई इस कार्रवाई से मरीज को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सका। यह अभियान समुद्र में मानव जीवन की सुरक्षा के प्रति तटरक्षक बल की प्रतिबद्धता और उसकी उच्च स्तरीय परिचालन क्षमता को दर्शाता है।

इससे पहले, भारतीय तटरक्षक बल के समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी) मुंबई ने 8 जून को एक बड़ा ऑपरेशन चलाकर 24 भारतीयों को ओमान के मसिराह तट के पास से रेस्क्यू किया था। दरअसल, लंगर डाले हुए पलाऊ ध्वज वाले टैंकर एमटी मारिवेक्स पर मिसाइल हमले की सूचना मिली। इस टैंकर में 24 भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे।

इसके बाद, भारतीय तटरक्षक बल के समुद्री बचाव समन्वय केंद्र ने ओमान समुद्री खोज एवं बचाव केंद्र (ओएमएससी) से संपर्क स्थापित किया और स्थिति पर नजर रखने और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ओएमएससी और अन्य संबंधित हितधारकों के साथ समन्वय बनाए रखा।

ओएमएससी ओमान ने पुष्टि की कि ओमान नौसेना के हेलीकॉप्टरों द्वारा सभी 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है। बचाए गए सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी को कोई हताहत या चोट नहीं आई है। जहाज अभी भी ओमान के मसिराह तट के पास लंगर डाले खड़ा है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी