भरत तिवारी मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है सरकार, जरूरत पड़ने पर और कठोर कार्रवाई होगी : मनन मिश्रा
पटना, 28 जून (आईएएनएस)। भाजपा सांसद मनन मिश्रा ने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर कहा कि इस प्रकरण में सरकार ने जरूरी कदम उठाए हैं और मामले की न्यायिक जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और जांच के दौरान अगर किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मनन मिश्रा ने कहा, "भरत तिवारी मामले में जो आवश्यक कार्रवाई सरकार को करनी चाहिए थी, उसे सरकार ने किया है। न्यायिक जांच हो रही है। एफआईआर भी दर्ज है। जांच के दौरान और भी कोई नाम आएगा, तो उस पर कार्रवाई होगी। आवश्यकता होगी तो गिरफ्तारी होगी और बर्खास्त करने की जरूरत होगी, तो वह भी किया जाएगा। सरकार पूरी तरह निष्पक्ष जांच के पक्ष में है।"
भरत तिवारी के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पांच गोलियां लगने की पुष्टि के सवाल पर उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और बिहार सरकार ने इसकी जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
वहीं, मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मनन मिश्रा ने कहा, "संघ एक अच्छी संस्था है और विजयवर्गीय की टिप्पणी उनकी निजी राय हो सकती है। आरएसएस में बहुत से संस्कारी और विद्वान लोग हैं। संघ के योगदान की वजह से भारत एक मजबूत राष्ट्र के रूप में खड़ा हुआ है।"
मनन मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम में जल संरक्षण और स्वदेशी उत्पादों के इस्तेमाल की अपील का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इस बार मानसून कमजोर रहने की संभावना जताई जा रही है और ऐसी स्थिति में पानी का संरक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से बारिश के पानी को बचाने और उसे संग्रहीत करने की अपील की है, जो भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लंबे समय से स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देते रहे हैं और इसका सकारात्मक असर देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि स्वदेशी अपनाने से देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
भाजपा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी समय-समय पर जनता से जो अपील करते हैं, उसका व्यापक असर दिखाई देता है। उन्होंने सोने-चांदी की खरीद कम करने की अपील का उदाहरण देते हुए कहा कि इससे विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूती मिल सकती है और अर्थव्यवस्था को लाभ पहुंचता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों का उद्देश्य हमेशा देश और नागरिकों का विकास सुनिश्चित करना रहा है।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी